युवाओं के मानसिक, सामाजिक विकास के लिए हर साल अगस्त के महीने में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। युवा दिवस के जरिए युवाओं की आवाज, कार्यों और उनकी सार्थक पहल को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने का मौका मिलता है।
इस लेख के माध्यम से जानिए अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस क्यों और कैसे मनाया जाता है, साथ ही इस दिन का इतिहास, महत्व और इस वर्ष की थीम जानिए।
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस कब मनाया जाता है?
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस हर साल 12 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिवस युवाओं की आवाज, कार्यों और प्रयासों को उजागर करने और उनके विकास के लिए अवसरों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
पहली बार कब मनाया गया युवा दिवस
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पहली बार 12 अगस्त 2000 को मनाया गया था। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 17 दिसंबर 1999 को इस दिन को मनाने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद, 2000 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया, जो आज तक हर साल 12 अगस्त को मनाया जाता है।
युवा दिवस का इतिहास
साल 1985 को "अंतरराष्ट्रीय युवा वर्ष" के रूप में घोषित किया गया था। इस साल की सफलता को देखते हुए 1995 में, संयुक्त राष्ट्र ने "युवाओं के लिए विश्व कार्यक्रम" की शुरुआत की। बाद में 1998 में लिस्बन, पुर्तगाल में आयोजित विश्व युवा सम्मेलन में युवाओं के विकास और सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया।
अगले वर्ष 1999 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया। यह प्रस्ताव विश्व युवा सम्मेलन और "युवाओं के लिए विश्व कार्यक्रम" की सिफारिशों का परिणाम था।
क्यों मनाते हैं युवा दिवस
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं की भूमिका व उनके योगदान को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। इस दिन का उद्देश्य युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना और उनके विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 2024 की थीम
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 2024 की थीम (From Clicks To Progress: Youth Digital Pathways For Sustainable Development) 'क्लिक से प्रगति तक: सतत विकास के लिए युवा डिजिटल मार्ग' है। ये विषय इस बात पर केंद्रित है कि संधारणीय विकास लक्ष्य (एसडीजी) प्राप्त करने की दिशा में प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए डिजिटल तकनीकों को कैसे आगे बढ़ाते हैं।