Yoga Day 2026 Kab Hai: हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने वाला यह दिन अब दुनिया के सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियानों में से एक बन चुका है। करोड़ों लोग इस अवसर पर योगाभ्यास करते हैं। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों को अपनाने का संकल्प लेते हैं। साल 2015 में पहली बार योग दिवस मनाया गया था, जिसने आज एक वैश्विक आंदोलन का रूप ले लिया है।
साल 2026 का योग दिवस कई मायनों में खास माना जा रहा है। बदलती जीवनशैली, बढ़ती उम्र के साथ होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं और मानसिक तनाव जैसी चुनौतियों के बीच इस बार की थीम लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन की दिशा में प्रेरित करने का संदेश देती है। विशेषज्ञों का मानना है कि योग केवल शरीर को फिट रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने का भी एक प्रभावी तरीका है।
आइए जानते हैं कि योग दिवस क्यों और कब मनाने की शुरुआत हुई और 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम क्या है।
कब और कैसे मनाया जाएगा योग दिवस?
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है।
- इस वर्ष भी भारत सहित दुनिया के अनेक देशों में सामूहिक योग सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
- भारत में मुख्य राष्ट्रीय आयोजन कोलकाता में आयोजित किए जाने की घोषणा की गई है।
- 21 जून का यह दिन केवल योगासन करने का अवसर नहीं है, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और जागरूक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी देता है।
- यदि आपने अभी तक योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा नहीं बनाया है, तो योग दिवस 2026 इसकी शुरुआत करने का एक अच्छा अवसर हो सकता है।
क्या है योग दिवस 2026 की थीम?
- संयुक्त राष्ट्र और संबंधित आयोजकों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम Yoga for Healthy Ageing यानी स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग रखी गई है।
- यह थीम इस बात पर केंद्रित है कि बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से संतुलित और भावनात्मक रूप से मजबूत रह सकता है।
क्यों चुनी गई यह थीम?
- दुनिया भर में लोगों की औसत आयु बढ़ रही है और इसके साथ ही उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।
- ऐसे में योग को एक ऐसे साधन के रूप में देखा जा रहा है जो शरीर की लचीलापन, संतुलन, ताकत और मानसिक शांति बनाए रखने में मदद कर सकता है।
- इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष की थीम तय की गई है।
योग से बढ़ती उम्र में क्या फायदे मिलते हैं?
- नियमित योगाभ्यास से शरीर की गतिशीलता बेहतर हो सकती है।
- योग से संतुलन मजबूत होता है।
- तनाव को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है।
- इसके अलावा प्राणायाम और ध्यान मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
- विशेषज्ञों के अनुसार योग को व्यक्ति की उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार आसानी से अपनाया जा सकता है।
योग क्यों बन रहा है वैश्विक जीवनशैली का हिस्सा?
- आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग तनाव, अनिद्रा और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे हैं।
- ऐसे में योग एक ऐसी पद्धति के रूप में उभरा है जो शरीर और मन दोनों को संतुलित रखने में मदद करता है।
- यही कारण है कि योग अब केवल भारत तक सीमित नहीं, बल्कि दुनिया के सैकड़ों देशों में अपनाया जा रहा है।