International Dance Day 2025: नृत्य एक कला है। इस कला को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए हर साल अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें इस कला को अपनाने, संरक्षित करने और आनंद लेने का अवसर देता है। आइए जानते हैं अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस कब और क्यों मनाया जाता है। इस दिन को मनाने की जरूरत क्यों महसूस की गई और डांस करने के क्या फायदे होते हैं।
अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस कब मनाया जाता है ?
हर साल 29 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस मनाया जाता है। यह दिन दुनियाभर में नृत्य के महत्व, विविधता और कला के रूप में उसकी अभिव्यक्ति को सेलिब्रेट करने के लिए समर्पित है।
अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस का इतिहास
अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस की शुरुआत 1982 में इंटरनेशनल डांस काउंसिल और इंटरनेशनल थिएटर इंस्टीट्यूट द्वारा की गई थी। यह दिन प्रसिद्ध बैले डांसर Jean-Georges Noverre की जयंती के अवसर पर चुना गया, जिन्हें "Modern Ballet" का जनक माना जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर के लोगों को नृत्य के प्रति जागरूक करना और इसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान और भाईचारे का माध्यम बनाना है।
अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस का महत्व
- यह दिन नृत्य जैसी कलात्मक अभिव्यक्ति को सम्मान देने का अवसर है।
- यह डांस के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है।
- यह दुनियाभर के नृत्य समुदायों को एक साथ लाने और उनकी उपलब्धियों को पहचानने का दिन है।
डांस करने के फायदे
- शारीरिक फिटनेस: डांस एक बेहतरीन कार्डियो एक्सरसाइज है, जो मांसपेशियों को मजबूत करता है और सहनशक्ति बढ़ाता है।
- मानसिक स्वास्थ्य: नृत्य तनाव, चिंता और अवसाद को दूर करने में मदद करता है। डांस मूड को बेहतर बनाता है, आत्मविश्वास बढ़ाता है और स्ट्रेस को कम करता है।
- सामाजिक जुड़ाव: समूह में डांस करने से लोगों में तालमेल, सहयोग और सामाजिक संबंध बेहतर होते हैं।
- रचनात्मक अभिव्यक्ति: डांस के जरिए व्यक्ति अपने भावों, विचारों और कहानियों को खूबसूरती से प्रस्तुत कर सकता है।
- संतुलन और लचीलापन: डांस के नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन आता है और संतुलन बेहतर होता है।