संतुलित आहार का महत्व
वजन घटाने के लिए सबसे जरूरी है सही खानपान अपनाना। जंक फूड, तैलीय खाना और मीठे पेय से दूरी बनाएं। इसके बजाय साबुत अनाज, हरी सब्जियां, फल और दालें जैसे फाइबर से भरपूर चीजें खाएं। भोजन को छोटे-छोटे हिस्सों में दिन में 5-6 बार लें, ताकि भूख ज्यादा न लगे। रोजाना 2-3 लीटर पानी पिएं, इससे डिहाइड्रेशन और ज्यादा खाने की आदत से बचाव होता है। खाने को धीरे-धीरे चबाकर खाएं, इससे पाचन भी अच्छा रहता है और ज्यादा खाने की संभावना कम होती है।
नियमित व्यायाम और एक्टिव रहना
शारीरिक गतिविधि मोटापा कम करने का दूसरा अहम कदम है। रोजाना 30 मिनट तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना, योग या डांस करना कैलोरी जलाने में मदद करता है। घर में सीढ़ियां चढ़ना या छोटे-मोटे घरेलू काम करना भी फायदेमंद है। हफ्ते में 3-4 बार हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें, इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं और मेटाबॉलिज्म बढ़ता है। लंबे समय तक एक जगह बैठने से बचें।
नींद और तनाव पर ध्यान दें
कम नींद और ज्यादा तनाव भी मोटापा बढ़ाते हैं, क्योंकि ये कोर्टिसोल हार्मोन को बढ़ाकर भूख ज्यादा कर देते हैं। रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लें। तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन, गहरी सांस लेना या माइंडफुलनेस का अभ्यास करें। मोबाइल और टीवी का समय कम करें, क्योंकि ये नींद और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर असर डालते हैं। तनाव कम रहने से बेवजह खाने की आदत (इमोशनल ईटिंग) भी कम होती है।
दवाओं का असर
कुछ दवाएं जैसे स्टेरॉयड, एंटी-डिप्रेसेंट और डायबिटीज की दवाएं वजन बढ़ा सकती हैं। ये दवाएं भूख बढ़ाती हैं या मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देती हैं। अगर आपको लगे कि दवा से वजन बढ़ रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लें और विकल्प के बारे में पूछें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा बंद न करें। ऐसे में एक्सरसाइज और कम कैलोरी वाला आहार अपनाना जरूरी है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।