घर की खूबसूरती में दीवारों की अहम भूमिका होती है। लेकिन मानसून में अक्सर सीलन के कारण घर की दीवारों का पेट उखड़ने लगता है। दीवार में दरार, प्लास्टर टूटने की समस्या भी वक्त के साथ देखने को मिलती है। प्लास्टर या पेंट के झड़ने की कई वजह हो सकती हैं। नमी, पानी का रिसाव या लंबे समय तक रखरखाव न होने की वजह से दीवार की ऊपरी परत खराब हो सकती है।
इससे घर का लुक और इंटीरियर खराब लगने लगता है लेकिन हर बार दोबारा पेंट या मरम्मत कराना महंगा तरीका है। आप दीवार की मरम्मत तो कराना चाहते हैं लेकिन ज्यादा पैसा व्यय नहीं करना चाहते तो घर पर ही कुछ टिप्स अपना सकते हैं। इनसे दीवार नई जैसी लगेगी।
अगर आपके घर की दीवार का प्लास्टर या पेंट झड़ने लगा है तो सिर्फ उसके ऊपर नया पेंट कर देना सही समाधान नहीं है। आइए जानते हैं कि कैसे पुरानी टूटी और खराब हो रही दीवार का मरम्मत घऱ पर खुद से करें।
सबसे पहले दीवार के जिस हिस्से का प्लास्टर या पेंट ढीला हो चुका है, उसे खुरचकर पूरी तरह हटा दें। ध्यान रखें कि कमजोर परत के ऊपर सीधे पुट्टी या पेंट लगाने से समस्या दोबारा हो सकती है।
- दीवार को रखें पूरी तरह सूखा
अगर दीवार में नमी या पानी का रिसाव है, तो पहले उसका कारण ठीक करें। दीवार को अच्छी तरह सूखने दें। नमी की समस्या रहते हुए पेंट कराने पर नई परत भी जल्दी खराब हो सकती है।
क्षतिग्रस्त हिस्से को साफ करने के बाद जरूरत के अनुसार सीमेंट बेस्ड रिपेयर मोर्टार या उपयुक्त वॉल रिपेयर फिलर लगाकर सतह को समतल करें। सूखने के बाद उसे हल्के हाथ से सैंडपेपर से स्मूद करें। इसके बाद उपयुक्त प्राइमर लगाकर दीवार पर पेंट किया जा सकता है।
आजकल बाजार में कई तरह के खूबसूरत वाॅलपेपर आ गए हैं। आप दीवार की नमी को दूर करके इन दीवारों पर वाॅलपेपर चस्पा कर सकते हैं। इससे दीवार को नया लुक मिलेगा। बिना मरम्मत के दीवार ठीक नजर आएगी और महंगे पेंट या इंटीरियर डेकोर पर खर्च भी कम होगा।
सिर्फ पेंट करना पर्याप्त नहीं
अगर प्लास्टर अंदर से कमजोर या दीवार नम है, तो केवल ऊपर से पेंट करने से समस्या छिप सकती है, खत्म नहीं होगी। इसलिए पहले प्लास्टर और नमी की समस्या को ठीक करना जरूरी है। अगर दीवार पर लगातार सीलन, बड़े क्रैक या पानी का रिसाव दिखाई दे रहा है, तो विशेषज्ञ से जांच करवाना बेहतर है।