Holi 2025 How To Make Organic Colours At Home: होली रंग, मस्ती और उल्लास का पर्व है लेकिन अगर सही तरीके से इस पर्व को न मनाया जाए तो यह स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुंचा सकता है। बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंग त्वचा और बालों के लिए हानिकारक हो सकते हैं। ऐसे में प्राकृतिक हर्बल गुलाल का उपयोग करना एक सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है।
बाजार के हर्बल रंगों पर भरोसा नहीं है तो घर पर ही प्राकृतिक तरीके से गुलाल तैयार करें। इससे न केवल आपकी त्वचा सुरक्षित रहेगी, बल्कि पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा। इस बार होली पर आप घर पर ही प्राकृतिक गुलाल तैयार कर सकते हैं। यहां होली के लिए हर्बल रंग घर पर बनाने के आसान तरीके बताए जा रहे हैं।
घर पर हर्बल गुलाल बनाने के तरीके
गुलाबी और लाल गुलाल
चुकंदर से लाल या गुलाबी रंग का गुलाब बना सकते हैं। सामग्री में 2-3 चुकंदर के अलावा कॉर्नस्टार्च या चावल का आटा चाहिए। रंग बनाने के लिए चुकंदर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर पानी में उबाल लें। जब पानी गहरा लाल हो जाए तो इसे ठंडा कर लें और फिर इसमें कॉर्नस्टार्च मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को धूप में सुखाकर मिक्सी में पीस लें। गुलाल तैयार है।
पीला गुलाल
दो-तीन बड़े चम्मच हल्दी और एक कप बेसन से पीले रंग का आर्गेनिक गुलाल बना सकते हैं। अगर बेसन चेहरे को सूट न करता हो तो चावल का आटा भी उपयोग में ला सकते हैं। इसे बनाने के लिए हल्दी को बेसन या आटे में अच्छी तरह मिलाकर छलनी से छान लें ताकि गुलाल एकदम महीन बने। अगर गीला रंग बनाना हो तो हल्दी को पानी में घोलकर प्रयोग करें।
Holi 2025: लगने लगे हैं होली के बाजार, दिल्ली-एनसीआर की इन जगहों पर जाकर शुरू करें खरीदारी
हरा गुलाल
होली के लिए हरा रंग तैयार करना हो तो सामग्री में एक कप सूखी मेहंदी की पत्तियां और एक कप पालक पाउडर या सूखे पालक के पत्ते रखें। गुलाल बनाने के लिए मेहंदी और पालक पाउडर के सूखे पत्तों को मिक्स करके महीन पाउडर बना लें। अगर रंग गीला चाहिए तो पालक को उबालकर उसका रस इस्तेमाल करें।
गेंदे के फूल से बनाएं रंग
गेंदे के फूलों से नारंगी रंग का गुलाल बना सकते हैं। सामग्री में एक कप गेंदे के फूल, कॉर्नस्टार्च या चावल का आटा चाहिए। घर पर फूलों से रंग बनाने के लिए गेंदे के फूलों को सुखाकर उसका पाउडर बना लें। इस में आटा मिलाकर हल्का नरम गुलाल तैयार करें।