जरा सोचिए, अगर आपको पहले ही पता चल जाए कि आपकी उम्र कितनी बची है या आप कितने साल जिएंगे तो? वैज्ञानिकों ने एक ऐसी घड़ी तैयार की है जो आपकी सेहत का परीक्षण करके यह पता लगा सकती है कि आपकी जिंदगी के कितने पल बचे हैं।
सेहतमंद जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए लैनकास्टर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने घड़ी जैसा दिखने वाला एक ऐसा यंत्र तैयार किया है जिसे कलाई पर बांधने से त्वचा के भीतर की रक्त कोशिकाओं पर लेजर किरणों से परीक्षण होगा और इस आधार पर यह पता चल सकेगा कि आपके शरीर में एजिंग की प्रक्रिया कितनी तेजी से बढ़ रही है।
शोधकर्ताओं का मानना है कि त्वचा के भीतर कुछ ऐसी छोटी-छोटी रक्त कोशिकाएं (एंडोथेलियल सेल) होती हैं जिसका अध्ययन करके किसी भी व्यक्ति की सेहत का अध्ययन किया जा सकता है, यहां तक कि उसकी कुल आयु के कितने साल बचे हैं, इसका भी अंदाजा लगाया जा सकता है।
इतना ही नहीं, एंडोथेलियल कोशिकाओं की परत का परीक्षण कर यह भी पता लगाया जा सकेगा कि व्यक्ति को कैंसर या डिमेंशिया जैसा गंभीर रोग है या नहीं। शोधकर्ताओं का मानना है कि इस घड़ी के जरिए लोगों को सेहतमंद जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।
शोधकर्ता अनेटा स्टीफनोस्का बताती हैं, 'अगले साल तक हम इस घड़ी को बाजार में उतार सकेंगे। यह न सिर्फ आपको जीवनशैली सुधारने के लिए प्रोत्साहित करेगी बल्कि डॉक्टर के उपचार से लेकर बीमा की योजनाओं तक में आपके लिए मददगार साबित हो सकती है। इसकी कीमत 200 पाउंड यानी 18, 810 रुपए से शुरू हो सकती है। इसके अलावा, इसका इस्तेमाल सर्जरी के दौरान रोगी की स्थिति के परीक्षण में भी बहुत मददगार हो सकता है।'