कुछ मीठा बनाने का दिल है लेकिन एक जैसा मीठा बना-बनाकर और खा-खाकर बोर हो चुके हैं तो इस बार ट्राय करें संतरे की खीर। गर्मियों में संतरा आसानी से उपलब्ध हो जाता है और दूध तो सभी के घर में होता है इसलिए इस बार बनाकर देखिए संतरे की खीर। संतरे से परिवार के सदस्यों को विटामिन-सी भी मिलेगा जिससे कि उनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता विकसित होगी। संतरे की खीर को बनाना बेहद आसान भी है, साथ ही इसमें बहुत अधिक समय भी नहीं लगता है। अगली स्लाइड्स से जानिए संतरे की खीर बनाने की सामग्री और विधि।
सामग्री-
चीनी- आधा कप
इलायची- 5
फुल क्रीम दूध- 5 कप
संतरे- 3
पिस्ता- 2 चम्मच
बादाम-10
विधि-
संतरे की खीर बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में दूध को उबालने रख दें, अब इसमें चीनी और इलायची डालकर धीमी आंच पर चलाएं। दूध को इस तरह से तबतक पकाना है जबतक कि यह गाढ़ा न होने लगे। जब दूध गाढ़ा हो जाए और उसके रंग में हल्का बदलाव नजर आने लगे तो गैस को बंद कर दें। अब संतरे को छील लें और बराबर टुकड़े कर लें, इतनी देर में आपका दूध भी ठंडा हो चुका होगा। ठंडे दूध में संतरे के टुकड़े डालें। संतरों को दूध में अच्छे से मिलाएं,ऊपर से बादाम और पिस्ता डालकर अब इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें। गर्मी के मौसम में अब ठंडी-ठंडी संतरे की खीर खाइए।