अब तक आप जो भी खाते आए हैं, खाने की आपकी शैली जो भी रही हो, उससे इतर अगर आपसे ब्लड ग्रुप के आधार पर डाइट लेने की बात हो, तो शायद इसे बेकार की बात कह आप वहां से हट जाएं।
आप सोचेंगे कि अब तक तो नॉर्मल खाना खाते रहे हैं, तो अब ब्लड टाइप डाइट क्यों? आपका सोचना कुछ हद तक सही भी है। लेकिन किसी भी निर्णय पर जाने से पहले ब्लड टाइप के अनुसार खानपान के बारे में भी जान लें-
ब्लड ग्रुप डाइट क्यों
ब्लड ग्रुप के अनुसार आहार पर हाल में आई किताब 'ईट राइट फॉर योर टाइप' के लेखक हैं डॉ. एडेमो। गहन शोध के बाद वे इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि सभी तरह के व्यंजनों में लेक्टिंस होते हैं।
दरअसल, लेक्टिंस प्रोटीन होता है, जो हर तरह के भोजन में पाया जाता है। उनके अनुसार, अलग-अलग ब्लड ग्रुप के लोगों का खून भोजन वाले इन प्रोटीन के प्रति अलग तरह से रिएक्ट करता है।
जिसका सीधा असर हमारी सेहत पर होता है। इसलिए उन्होंने ब्लड टाइप डाइट पर जोर दिया है। वैसे ब्लड टाइप डाइट वजन घटाने की डाइट नहीं है, बल्कि इससे सेहत अच्छी रहती है।
यानी आप नॉर्मल खाना तो खाए ही, पर अपने ब्लड टाइप के हिसाब से भी डाइट फॉलो करें। ऐसा कर आप खाने से ज्यादा-से-ज्यादा फायदा उठा सकती हैं।
कैसे करता है रिएक्ट
लेक्टिंस चिपकने वाले प्रोटीन होते हैं। ऐसे लेक्टिंस जो ब्लड टाइप के साथ मेल नहीं खाते, शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। भोजन से आने वाले कई लेक्टिंस हानिकारक नहीं होते हैं, लेकिन थोड़ा बहुत असर होता है। अगर ये लेक्टिंस ब्लड ग्रुप के साथ मेल नहीं खाता, तो शरीर में जलन, सूजन हो सकती है।
जानें अपनी डाइट
`ओ' ब्लड ग्रुप के लिए हाई प्रोटीन
ऐसे लोगों को अपनी डाइट में प्रोटीन को प्राथमिकता देनी चाहिए। मीट, मछली, सब्जियां और फल, ये आराम से खा सकते हैं। लेकिन अनाज, बीन्स और फलियों का सेवन संतुलित मात्रा में करें, तो आपकी सेहत ठीक रहेगी।
`ए' ब्लड ग्रुप, तो शाकाहार अपनाएं
इस ग्रुप वाले को शाकाहार पर विशेष जोर देना चाहिए। जैसे, सब्जियां, सीफूड, फलियां, अनाज, बीन्स और फल। ये सारे खाद्य पदार्थ आपकी सेहत को बनाएंगे।
ब्लड ग्रुप `बी', तो सब कुछ खाएं
बी ब्लड वाले लोग खाने के मामले में लकी होते हैं। लेकिन ऐसे लोगों को शाकाहार और मांसाहार संतुलित मात्रा में लेना चाहिए। मीट, डेयरी प्रोडक्ट, अनाज, फलियां, सब्जियां और फल इनके लिए सही रहते हैं। संतुलित भोजन के साथ नियमित व्यायाम भी जरूरी है।
`एबी' के लिए मिक्स्ड डाइट
जो भोजन ए और बी ब्लड टाइप वालों के लिए खराब होता है, वह एबी वालों के लिए भी नुकसानदेह है।`ए' ब्लड टाइप वालों की तरह एबी ब्लड टाइप वालों के पेट में खाना पचाने वाले हाइड्रोक्लोरिक अम्ल की कमी होती है। इस वजह से उन्हें मुर्गा और रेड मीट से परहेज करने को कहा जाता है।
संतुलित मात्रा में एनिमल प्रोटीन लेने से परेशानी नहीं होगी। सीफूड, डेयरी प्रोडक्ट, बीन्स, अनाज, सब्जियां, राजमा, कॉर्न खा सकते हैं। अनानास में पाया जाने वाला ब्रोमेन एन्जाइम जरूर लें। यह एनिमल प्रोटीन युक्त खाना पचाने में सहायक है।
इसका रखें ध्यान
बेशक आप वही खाएं, जो आपको पसंद हो। लेकिन ब्लड ग्रुप को ध्यान में रखते हुए अगर आप संतुलित डाइट लें, तो सेहत भी बनेगी। किसी खास चीज से एलर्जी हो, तो साइड इफेक्ट से बचने के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।