पनीर का भले ही कोई अपना स्वाद ना हो लेकिन इसे अलग-अलग मसालों के साथ बनाकर बेशक स्वादिष्ट रूप दिया जा सकता है। लेकिन हर बार वहीं मटर पनीर और शाही पनीर का जायका आपको बोर कर रहा है तो इस बार पनीर को कश्मीरी स्टाइल में बनाएं। इसका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा। तो चलिए जानें क्या है कश्मीरी पनीर की रेसिपी।
पनीर के टुकड़े एक कप, दूध डेढ़ कप, तेल एक चम्मच, जीरा एक चम्मच, हल्दी पाउडर, तेजपत्ता दो, सोंठ पाउडर आधा चम्मच, गरम मसाला पाउडर, नमक स्वादानुसार, केसर चुटकी भर, लौंग तीन, इलायची तीन, सौंफ दो चम्मच, मेथी एक चम्मच।
सबसे पहले लौंग, इलायची, सौंफ, मेथी का पाउडर बना लें। एक पैन में तेल गर्म कर उसमे जीरा और मसालों का तैयार पाउडर डालें। साथ में दूध डालकर उबाल लें। जब दूध में एक उबाल आए तो इसमे हल्दी पाउडर, सोंठ, गरम मसाला पाउडर, तेजपत्ता और केसर डालकर मिलाएं। आंच को लगातार धीमी ही रखें। जब सारे मिश्रण अच्छी तरह से गाढ़ा हो जाए तो पनीर के टुकड़े डालें। दूध में बुलबुले आने लगें तो नमक डालकर मिलाएं। गैस ऑफ करें और गर्मागर्म सर्व करें।