Ghar Par Momos Kaise banaye: मोमोज आज के समय में सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड बन चुका है। बच्चों से लेकर बड़ों तक को मोमोज खाना पसंद होता है। कई बार लोग घर पर मोमोज बनाना चाहते हैं, उसकी फिलिंग तो अच्छे से बना लेते हैं लेकिन ऊपर का बेस या शीट बनाना कठिन लगता है।
घर पर मोमो शीट बनाने के लिए मैदा का साॅफ्ट डो तैयार किया जाता है। इसमें ध्यान रखा जाता है कि डो ज्यादा सख्त न हो। फिर इसे बेलकर स्टफिंग भरकर मोमोज का शेप दिया जाता है, जो कई बार गड़बड़ हो जाता है और बाजार जैसे मोमोज नहीं बन पाते। समस्या आती है कि शीट पतली या कभी मोटी हो जाती है।
हालांकि बाजार में रेडीमेड मोमो शीट भी मिलती है, जिससे आसानी से घर पर मोमो तैयार किया जा सकता है लेकिन अगर आपके पास मोमो शीट न हो तो भी बिना आटा गूंथे मोमो बना सकते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर बिना आटा गूंथे, या बिना मोमो शीट के आसानी से मोमोज बनाने की रेसिपी वायरल हो रही है।
बिना गूंदे आटे या मोमोज शीट के भी घर पर आसानी से स्वादिष्ट और सॉफ्ट मोमोज बनाए जा सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ मैदा, कुछ सब्जियां और थोड़ा सा समय चाहिए। घर के बने मोमोज न सिर्फ ज्यादा हेल्दी होते हैं बल्कि आप इन्हें अपनी पसंद के स्वाद के अनुसार भी तैयार कर सकते हैं। अगर आप भी वीकेंड या शाम के स्नैक्स में कुछ टेस्टी बनाना चाहते हैं, तो आज हम आपको बताएंगे बिना शीट के आसान मोमोज बनाने की रेसिपी, जिसे ट्राई करके हर कोई आपकी तारीफ करेगा।
बिना शीट के घर पर ऐसे बनाएं टेस्टी मोमोज
स्टेप 1- सबसे पहले मोमोज की स्टफिंग तैयार कर लें। इसके लिए एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें बारीक कटी पत्ता गोभी, गाजर, प्याज और शिमला मिर्च डालें। स्वादानुसार नमक, काली मिर्च और सोया सॉस मिलाएं। तेज आंच पर 2-3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं। आपकी टेस्टी स्टफिंग तैयार है। इसमें पनीर जरूर मिलाएं ताकि स्टफिंग की बाॅल बनाते समय वह टूटे नहीं।
स्टेप 2- अब एक बाउल में सूखा मैदा निकाल लें और दूसरे बाउल में साफ पानी निकालें।
स्टेप 3- जब स्टफिंग ठंडी हो जाए तो उसके छोटे छोटे बाॅल्स बना लें।
स्टेप 4- अब एक स्टफिंग बाॅल को मैदे में लिपटाकर पूरा कवर करें।
स्टेप 5- फिर इसी बाॅल को पानी में डालकर निकाल लें।
स्टेप 6- फिर से बाॅल को सूखे मैदे से कवर करें और पानी में डालें।
स्टेप 7- ऐसा 3 से 4 बार करें, ध्यान रखें बाॅल्स टूटे नहीं।
स्टेप 8- फिर इसे स्टीमर या इडली कुकर में 10-12 मिनट तक स्टीम करें। इसी तरह सारी बाॅल्स तैयार करके स्टीम कर लें।
जब मोमोज हल्के चमकदार दिखने लगें, तो समझिए वे तैयार हैं। इन्हें लाल तीखी चटनी या मेयोनीज के साथ गर्मागर्म सर्व करें।