असुरक्षित सेक्स से होने वाली बीमारियों में शामिल है यौन रोग संक्रमण। इनसे बचाव की दिशा में किए गए शोध में एक नई उपलब्धि हासिल हुई है। शोध में माना गया है कि रोज अच्छी तरह मुंह व दांतों की सफाई करने से यौन संक्रमण, खासकर एचपीवी (त्वचा या ओरल सेक्स के दौरान होने वाले संक्रमण) से बचाव काफी हद तक संभव है।
यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्साज प्रिवेंशन रिसर्च सेंटर के शोधकर्ताओं ने अपने शोध के दौरान 30 से लेकर 69 साल के 3,439 लोगों पर अध्ययन करके यह निष्कर्ष निकाला है।
यूनिवर्सिटी के उप निदेशक व शोधकर्ता क्रिस्टीन मार्कहम के अनुसार, ''शोध के दौरान हमने प्रतिभागियों की ओरल हाइजीन और सेक्स लाइफ का ब्यौरा इकट्ठा किया। शोध में हमने पाया कि जो लोग मुंह की सफाई पर ध्यान नहीं देते हैं उन्हें एचपीवी संक्रमण का खतरा डेढ़ गुना अधिक होता है।''
हालांकि डॉ. मार्कहम ने यह भी माना है कि मुंह की सफाई यौन संक्रमणों से बचाव का एक विकल्प है लेकिन इसे एकमात्र विकल्प नहीं कह सकते हैं और न ही यह कोई उपचार माना जा सकता है। लेकिन ओरल हाइजीन रखने वाले लोगों को संक्रमण कम हो, इसकी संभावना अधिक जरूर है।
इस शोध का विवरण कैंसर प्रिवेंशन रिसर्च जर्नल में प्रकाशित हुआ है और इसमें नेशनल हेल्थ एंड न्यूट्रिशन एक्जामिनेशन सर्वे से प्राप्त आंकड़ों की सहायता ली गई है।