टीबी की बीमारी और इसके खतरे
- फोटो : Adobe Stock
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट से पता चलता है कि टीबी से होने वाली मौत के मामले में भारत ने वैश्विक औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। देश में टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। लेकिन इस बदलाव के पीछे आखिर कौन-सी रणनीति काम कर रही है? कैसे एआई तकनीक, करोड़ों लोगों की जांच और पोषण सहायता से टीबी के खिलाफ लड़ाई मजबूत हुई है? आइए इस बारे में जानते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से गुरुवार को जारी ग्लोबल ट्यूबरकुलोसिस रिपोर्ट 2026 में भारत की इस प्रगति को रेखांकित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि टीबी की जल्दी पहचान, समय पर इलाज, नई तकनीकों के इस्तेमाल और मरीजों की बेहतर देखभाल के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है। टीबी से होने वाली मौतों में आई कमी इस बात का संकेत है कि भारत इस बीमारी के कारण होने वाली मौतों को कम करने में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
डब्ल्यूएचओ की इस रिपोर्ट में भारत में टीबी से होने वाली मौतों का अनुमान लगाने के लिए कई अलग-अलग स्रोतों से मिले आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें भारत के रजिस्ट्रार जनरल का सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (RGI/SRS), समुदाय के स्तर पर किए गए वर्बल ऑटोप्सी आकलन और निक्षय पोर्टल पर उपलब्ध टीबी कार्यक्रम के आंकड़े शामिल हैं।
- इन सभी आंकड़ों और आकलनों के आधार पर रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है।
- साल 2015 में जहां हर एक लाख की आबादी पर टीबी से 28 लोगों की मौत होती थी, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर 18 रह गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि यह प्रगति राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत किए जा रहे लगातार प्रयासों का नतीजा है। इसमें घर-घर और समुदाय के स्तर पर टीबी के संभावित मरीजों की तलाश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से एक्स-रे जांच, तेजी से बीमारी का पता लगाने वाले टेस्ट, समय पर इलाज शुरू करना और मरीजों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग देखभाल जैसी पहल मदद कर रहे हैं।
- इसके अलावा, मरीजों को पोषण संबंधी सहायता देने के लिए निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र पहल भी चलाई जा रही हैं।
- निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पोषण संबंधी मदद दी जाती है
- जबकि निक्षय मित्र पहल के माध्यम से व्यक्ति और संस्थाएं मरीजों की मदद के लिए आगे आती हैं।
एआई कर रहा है टीबी के इलाज में मदद
- फोटो : Adobe Stock
टीबी से लड़ाई में एआई की मदद
टीबी की पहचान और इलाज को बेहतर बनाने के लिए एआई आधारित कई तकनीकी साधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इनकी मदद से उन इलाकों की पहचान की जाती है जहां टीबी के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं। साथ ही ऐसे मरीजों का भी पहले से पता लगाने की कोशिश होती है, जिन्हें बीमारी के कारण गंभीर स्थिति या इलाज के दौरान प्रतिकूल परिणामों का खतरा ज्यादा हो सकता है। इसके अलावा खुशी-एआई चैटबॉट और अवतार वीडियोबॉट जैसे डिजिटल साधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
मंत्रालय के अनुसार, टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर 94 प्रतिशत होना भी देश की मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती को दिखाता है। इसका मतलब है कि दवाओं से ठीक होने वाले टीबी के 100 मरीजों में से 94 मरीजों का इलाज सफल हो रहा है। बेहतर इलाज व्यवस्था और लगातार मिलने वाली सहायता ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीबी के खिलाफ भारत की लड़ाई अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। इसमें सरकारी संस्थानों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ी है। इसका उद्देश्य देश को टीबी मुक्त बनाना है।
टीबी की बीमारी का इलाज
- फोटो : Amarujala.com/AI