क्या है हेल्दी इंडल्जेंस और क्यों है जरूरी?
हेल्दी इंडल्जेंस’ का सरल शब्दों में मतलब है अपने पसंदीदा खाद्य पदार्थों या मीठी चीजों का आनंद इस तरह लेना कि सेहत को नुकसान न पहुंचे। जब आप अपनी कुछ खास खाने की इच्छा को दबाने के बजाय, उन्हें पोषक तत्वों से भरपूर सामग्रियों के साथ बदलकर संतुष्ट होती हैं या बदलाव करती हैं, तो उसे ही हेल्दी इंडल्जेंस कहा जाता है। आज हमारे ही देश में हर 5 में से 1 स्नैक अब हेल्थ से जुड़ा है और हम भारतीय स्मार्ट स्नैकिंग की ओर बढ़ रहे हैं। आसान शब्दों में कहें तो अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए कभी-कभी पसंद की चीजों को खाना हेल्दी इंडल्जेंस है।
क्यों जरूरी, क्या लाभ?
हेल्दी इंडल्जेंस और अनहेल्दी ईटिंग के बीच सबसे बड़ा अंतर खाने के तरीके और मात्रा का है। हेल्दी इंडल्जेंस में सीमित मात्रा में सोच-समझकर खाना, संतुलित डाइट रखना और कभी-कभी पसंदीदा डेजर्ट का आनंद लेना शामिल है। वहीं, अनहेल्दी ईटिंग में जरूरत से ज्यादा खाना, बिना ध्यान दिए खाते रहना, रोजाना अधिक मीठा या जंक फूड खाना और तनाव या बोरियत में खाने की आदत शामिल होती है। हेल्दी इंडल्जेंस में स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखा जाता है, जबकि अनहेल्दी ईटिंग में पोषण की अनदेखी कर दी जाती है।
चुनें ये विकल्प
हेल्दी इंडल्जेंस में जब भी आपका मन कुछ खास खाने का होता है, तो उसके पौष्टिक विकल्प चुनकर अपनी क्रेविंग्स को संतुष्ट किया जाता है, जैसे- मिल्क चॉकलेट की जगह 70 प्रतिशत या उससे अधिक डार्क चॉकलेट खाएं, जबकि पोटैटो चिप्स की जगह भुने हुए मखाने या होममेड पॉपकॉर्न खा सकते हैं। इसी तरह बिस्कुट और कुकीज की जगह बादाम या अखरोट, मिठाई की जगह खजूर और मेवों से बनी छोटी बाइट तथा आइसक्रीम की जगह बिना अतिरिक्त चीनी वाला बनाना आइसक्रीम या फ्रूट योगर्ट। इसके साथ ही मैदा पिज्जा की जगह व्होल-व्हीट बेस और ढेर सारी सब्जियों वाला पिज्जा खाएं। वहीं, कोल्ड ड्रिंक के बजाय नींबू पानी, नारियल पानी या फ्लेवर्ड छाछ पीना बेहतर विकल्प है। इस तरह स्वाद के साथ शरीर को भी जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
हेल्दी इंडल्जेंस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए रोजाना संतुलित और पौष्टिक भोजन करना जरूरी है। वहीं, अपनी पसंदीदा चीजों को पूरी तरह छोड़ने के बजाय उनकी मात्रा और गुणवत्ता का ध्यान रखें। स्वाद के साथ पोषण को भी प्राथमिकता दें और 80:20 का नियम अपनाएं यानी 80 प्रतिशत समय पौष्टिक भोजन करें और 20 प्रतिशत समय अपनी पसंदीदा चीजों का आनंद लें। इसके अलावा, पसंदीदा चीजें खाने पर अपराधबोध महसूस न करें, लेकिन रोजाना मीठा और जंक फूड खाने की आदत से बचें। ध्यान रखें कि संतुलित खान-पान ही लंबे समय तक स्वस्थ रहने का बेहतरीन प्लान है।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।