चिकित्सा उत्पादों के विनिमयन को लेकर मेमोरेंडम
- फोटो : istock
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गुरुवार को "चिकित्सा उत्पादों के विनियमन के क्षेत्र में सहयोग पर" नीदरलैंड, डोमिनिकन गणराज्य, इक्वाडोर के साथ मेमोरेंडम को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट के सम्मुख तीन समझौता ज्ञापनों (एमओयू) को पेश किया गया, जिन पर स्वास्थ्य मंत्रालय के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और तीनों देशों के संबंधित नियामक अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए थे। गौरतलब है कि सीडीएससीओ और नीदरलैंड के स्वास्थ्य, कल्याण और खेल मंत्रालय के बीच एमओआई पर 7 नवंबर, 2023 को हस्ताक्षर किए गए थे।
इसमें अंतरराष्ट्रीय बाजारों में घटिया और नकली दवाओं पर रोक लगाने जैसे विषयों पर जोर दिया जाएगा। बयान में कहा गया है इससे भारत से दवाओं के निर्यात को बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है और इसके परिणामस्वरूप फार्मास्युटिकल क्षेत्र में पेशेवरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
दवाओं के निर्यात को बढ़ोतरी की उम्मीद
जारी बयान में कहा गया है भारत के साथ इन देशों के नियामक प्राधिकरणों के बीच यह ज्ञापन फार्मास्युटिकल उपयोग के लिए कच्चा माल, जैविक उत्पादों, चिकित्सा उपकरणों और कॉस्मेटिक उत्पादों सहित फार्मास्यूटिकल्स के संबंध में चिकित्सा उत्पादों के विनियमन की बेहतर समझ की सुविधा प्रदान करेगा। भारत से दवाओं के निर्यात को बढ़ोतरी के साथ विदेशी मुद्रा आय में वृद्धि की भी उम्मीद जताई गई है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढाया गया कदम होगा।