अगर आप चाहते हैं कि आपका दिल सेहतमंद बना रहे, तो सबसे पहले इसके दुश्मनों की पहचान करना जरूरी है। हर साल शोधों में दिल की बीमारियों के कई नए कारण पता चलते हैं। लेकिन दिल की धड़कनों पर सबसे ज्यादा असर हमारी लाइफस्टाइल का पड़ता है।
करीब 90 प्रतिशत दिल से जुड़ी परेशानियों का कारण स्मोकिंग, शराब, जरूरत से ज्यादा खाना और एक्सरसाइज न करने जैसे फैक्टर्स होते हैं। अगर आप चाहते हैं कि आपका दिल भी सेहतमंद बना रहे, तो सबसे पहले इसके दुश्मनों की पहचान करना जरूरी है।
तनाव
हम सबकी जिंदगी में चिंता, तनाव या फिर अवसाद जरूर रहता है। इस तरह के इमोशन्स को जिंदगी से निकाल पाना आसान नहीं है, लेकिन हम अलर्ट रहें, तो इनसे बचाव जरूर हो सकता है।
योग, मेडिटेशन और एक्सरसाइज तनाव से निजात दिलाने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
एल्कोहल
एक्सपर्ट्स की मानें तो रेड वाइन का इस्तेमाल हार्ट की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसके अलावा किसी भी तरह की दूसरी शराब दिल की सेहत के लिए ठीक नहीं है।
एल्कोहल का ज्यादा सेवन करने से कैलोरी की मात्रा शरीर में बढ़ जाती है। यही नहीं, स्लीपिंग डिस्ऑर्डर की समस्या भी हो सकती है, जो दिल संबंधी परेशानियों को दावत दे सकती है।
खर्राटे
खर्राटे सिर्फ आपके लिए ही नहीं, किसी दूसरे व्यक्ति के लिए भी चिड़चिड़ेपन का कारण बन जाते हैं। खर्राटों को स्लीप ऐप्निआ का लक्षण माना जाता है। स्लीप ऐप्निआ, सोते वक्त सांस लेने से जुड़ी अनियमितता को माना जाता है।
इससे ग्रस्त लोगों में दिल संबंधी बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। अगर आपको भी खर्राटे आते हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से संपर्क करें।
डाइट सोडा
गर्मी के मौसम में डाइट सोडा पीने से भले ही कुछ देर के लिए राहत मिलती है, लेकिन यह आपके हार्ट के लिए ठीक नहीं है। अगर आप लगातार डाइट सोडा पीते हैं, तो स्ट्रोक के अलावा दिल संबंधी दूसरी बीमारियों के शिकार हो सकते हैं।
ई बार तो मरीज को हार्ट संबंधी बीमारियों की हिस्ट्री न होने पर भी वो इसकी चपेट में आ जाते हैं।
कम/ज्यादा सोना
अगर आप पांच घंटे से कम या फिर नौ घंटे से अधिक सोते हैं, तो इससे रक्तचाप और तनाव का स्तर बढ़ सकता है। इस वजह से धमनियों से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। बेहतर होगा अपनी नींद को संतुलित करें।
ज्यादा एक्सरसाइज
अधिक एक्सरसाइज करने से भी दिल की सेहत पर असर पड़ता है। जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने से हार्ट को ज्यादा काम करना पड़ता है। इसलिए बेहतर होगा कि अपनी क्षमता से ज्यादा एक्सरसाइज न करें।
ओवर ईटिंग
मोटापा दिल संबंधी बीमारियों का एक बड़ा कारण है। जरूरत से ज्यादा भोजन और एक्सरसाइज न करने से मोटापे की समस्या जन्म लेती है। बेहतर होगा कि भूख से थोड़ा कम खाना खाएं और जहां तक संभव हो सके मीठे और हाई कैलोरी फूड से बचने की कोशिश करें।
स्मोकिंग
अगर दिन में आप एक सिगरेट भी पीते हैं, तो दिल संबंधी बीमारियों का खतरा दोगुना हो जाता है। यही नहीं, इसके कारण कैंसर समेत फेफड़ों से जुड़ी अन्य कई बीमारियां भी हो सकती हैं। इसलिए स्मोकिंग को तुरंत न कहें।
ओरल हाइजीन
खराब ओरल हेल्थ से कार्डियोवस्कुलर समस्याएं भी जन्म ले सकती हैं। मसूढ़ों के बैक्टीरिया रक्त-वाहिकाओं में प्रवाहित होने लगते हैं, जिसके कारण रक्त-प्रवाह कम हो जाता है, जो हार्ट की स्थिति के लिए ठीक नहीं है।
बहुत ज्यादा टीवी
अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी जर्नल में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक बहुत ज्यादा टीवी देखना भी दिल की सेहत के लिए ठीक नहीं है। बेशक आप नियमित एक्सरसाइज करते हों, अगर दिन में 4 घंटे से अधिक टीवी देखते हैं, तो हार्ट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।