मेडिकल काॅलेत के एसएनसीयू में नवजात बच्ची के स्वास्थ्य की जांच करते डाॅक्टर
- फोटो : अमर उजाला
बाल रोग विभाग के जूनियर डॉक्टर नितिन सिंह बुधवार शाम करीब आठ बजे स्त्री रोग विभाग के पास से गुजर रहे थे। तभी सुरक्षाकर्मी ने उन्हें पालना स्थल पर एक बच्ची के होने की सूचना दी। डॉ नितिन ने डॉ नीरज शर्मा के साथ बच्ची का स्वास्थ्य जांचा। उन्होंने देखा कि बच्ची के होंठ कटे हुए थे और तालू विकसित नहीं था। इस पर उन्होंने तुरंत बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया और डॉ. अनुज सेठी को सूचना दी। बच्ची को उपचार के लिए एसएनसीयू में भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया गया। बृहस्पतिवार को बच्ची की हालात में काफी सुधार हुआ है। माना जा रहा है कि होंठ कटे होने और तालु के विकसित नहीं होने की वजह से मां बच्ची को छोड़कर गई है।
डॉ. ओमशंकर चौरसिया ने बताया कि बच्ची का जन्म करीब चार-पांच दिन पहले का है। उसका वजन दो किलो 100 ग्राम है। उसकी हालत में काफी सुधार है। नली के जरिए दूध दिया जा रहा है।