सेहत पर 'ट्रिपल अटैक'
इंग्लैंड के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा, धूम्रपान-शराब की आदत के साथ लोगों में बढ़ती मोटापे की समस्या, ये तीन वजहें हैं जिनके कारण लोगों में कई प्रकार की गंभीर बीमारियों का जोखिम भी तेजी से बढ़ता जा रहा है, जो असमय मृत्यु का कारण बन रही हैं।
एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि इस “ट्रिपल खतरे” के कारण पिछले एक दशक में कैंसर और मधुमेह जैसी बीमारियों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव भी बढ़ गया है। ये इतना खतरनाक है कि लोग समय से करीब 20 साल पहले मौत का शिकार हो रहे हैं, यानी इन बीमारियों ने बड़ी संख्या में लोगों की उम्र के दो दशक तक कम कर दिया है।
असमय मृत्यु का बढ़ता खतरा
- फोटो : Adobe stock
10 लाख से अधिक लोगों में असमय मृत्यु का जोखिम
चैरिटी एक्शन ऑन स्मोकिंग एंड हेल्थ (एश) द्वारा इंग्लैंड में किए गए स्वास्थ्य सर्वेक्षण के विश्लेषण से पता चला है कि इंग्लैंड में लगभग 1 मिलियन लोग (10 लाख) लोग असमय मृत्यु वाले जोखिमों के साथ जी रहे हैं। कुल आबादी के करीब 2.2% लोग तम्बाकू का उपयोग करते हैं, सप्ताह में 14 यूनिट से अधिक शराब पीते हैं और अधिक वजन वाले या मोटे हैं। अधिक वजन से मतलब 25 या उससे अधिक का बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) है।
मोटापा सेहत के लिए बहुत खतरनाक
- फोटो : Adobe stock photos
सर्वे में क्या पता चला?
सर्वे में पाया गया है कि लगभग 1 करोड़ (जनसंख्या का 22%) लोगों में तीन में से दो समस्याएं (शराब-धूम्रपान या मोटापा) हैं, जबकि 33.9 मिलियन (73.6%) लोगों में कम से कम एक जोखिम कारक मौजूद हैं। अल्कोहल हेल्थ अलायंस के अध्यक्ष प्रोफेसर सर इयान गिलमोर ने कहा, यह चौंकाने वाली बात है कि इंग्लैंड में 50 में से एक वयस्क को तंबाकू, शराब और अस्वास्थ्यकर भोजन के संयोजन के कारण असमय मृत्यु का जोखिम बहुत अधिक है।
धूम्रपान, शराब और अधिक वजन कैंसर, हृदय रोग और यकृत रोग जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को काफी हद तक बढ़ाते हैं। जब ये जोखिम कारक एक साथ होते हैं, तो लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा और भी अधिक बढ़ जाता है।
दुनियाभर में सेहत के लिए बढ़ता खतरा
- फोटो : Freepik.com
दुनियाभर के लोगों को रहना चाहिए अलर्ट
लंबे समय तक या आजीवन धूम्रपान की आदत किसी व्यक्ति की जीवन प्रत्याशा को लगभग 10 वर्ष कम कर देती है। इसी तरह ग्रेड तीन का मोटापा (40 से अधिक बीएमआई) के साथ गंभीर रूप से मोटापे से ग्रस्त होना भी लगभग इतना ही खतरनाक है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ये अध्ययन भले ही सिर्फ इंग्लैंड के लोगों पर किया गया है पर इस इस “ट्रिपल खतरे” को दुनियाभर के लिए जोखिम के रूप में जाना जाना चाहिए। इन तीनों समस्याओं से दूरी बनाकर या इसमें सुधार करके आप कई प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव कर सकते हैं।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।