कोरोना का यह दौर हर किसी के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। युवा हों या बुजुर्ग, बच्चे हों या किशोर कोरोना का म्यूटेंट वायरस हर किसी को अपना शिकार बना रहा है। वायरस की पहली लहर में जहां बुखार, सर्दी-खांसी को ही संक्रमण का लक्षण माना जा रहा था, वहीं इस बार कई प्रकार की अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को भी डॉक्टर कोरोना के लक्षण के रूप में देख रहे हैं। हाल ही में हुए अध्ययन में विशेषज्ञों ने बताया है कि यदि आपको असामान्य रूप से डायरिया, सीने में दर्द, सुनने की दिक्कत हो रही हो तो यह भी कोरोना का संकेत हो सकता है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कोरोना के लक्षण इतने भिन्न-भिन्न क्यों हैं?
अमर उजाला फाउंडेशन की पहल के माध्यम से कोरोना महामारी को लेकर शुक्रवार को हुई चर्चा में हमनें विशेषज्ञों ने इसी विषय के बारे में जानने की कोशिश की। इस दौरान दिल्ली एम्स में डिपार्टमेंट ऑफ इमरजेंसी मेडिसिन के डॉ अनुपम कुमार रंजन ने सभी सवालों के जवाब दिए।
नए लक्षणों के बारे में जानना जरूरी
डॉ अनुपम कहते हैं कि कोरोना के कारण बुखार, खांसी, गले में खराश जैसे लक्षणों के बारे में लोग एक साल से सुनते आ रहे हैं लेकिन इस साल वायरस के नए स्ट्रेनों के कारण लोगों में कई अन्य तरह के लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं, हमें इसके बारे में जानना बेहद जरूरी है। इस बार कोरोना के सामान्य लक्षणों के साथ लोगों को सिरदर्द, आंखों में लालिमा और भारीपन, पूरे शरीर में दर्द, बेहद कमजोरी जैसी दिक्कतें भी महसूस हो रही हैं। हमें ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
आंखों में लालिमा को माना जा सकता है कोरोना का संकेत
- फोटो : social media
आंखों में इन समस्याओं पर भी गौर करें
डॉ अनुपम बताते हैं कि कोरोना की इस दूसरी लहर में लोगों को आंखों से जुड़ी तमाम तरह की दिक्कतें भी हो रही हैं। कई मरीजों में देखने को मिल रहा है कि उनकी आंखें लाल रहती हैं, आंखों से पानी आता है, भारीपन या आंखों के पिछले हिस्से में दर्द रहता है। इसे भी कोरोना वायरस के संभावित लक्षणों के रूप में देखना आवश्यक हो जाता है।
डायरिया को भी मान रहे हैं कोरोना का नया लक्षण
डॉ अनुपम कहते हैं कि कोरोना के नए स्ट्रेनों में लोगों को डायरिया की भी दिक्कत हो रही है। दूसरी तरफ अभी गर्मियों का मौसम है, इसलिए भी आपको डायरिया हो सकता है। ऐसी स्थिति में हमारी सबसे पहली कोशिश होती है कि रोगी के शरीर को डिहाड्रेट न होने दें। कई अध्ययनों से पता चला है कि कोरोना संक्रमण के कारण लोगों को डायरिया की भी समस्या हो सकती है।
-------
नोट: यह लेख एम्स में डिपार्टमेंट ऑफ इमरजेंसी मेडिसिन के डॉ अनुपम कुमार रंजन से एक बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।