स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण का साफ और स्वच्छ होना बहुत जरूरी है और यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखें। अगर बचपन से ही बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाए, तो इससे उनमें प्रकृति के प्रति लगाव पैदा होगा। चाहे वह साफ-सफाई हो या खाद्य स्रोतों का संरक्षण। इन सबके बारे में बच्चों को जरूर बताएं। इससे न केवल पर्यावरण के प्रति वे जागरूक होंगे, बल्कि भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक भी बनेंगे।
प्रकाश पर बात
ऊर्जा का संरक्षण सबसे जरूरी है, लेकिन हम इस ओर ध्यान नहीं देते। अक्सर हम वेबजह घर में लाइट जलाए रखते हैं। इसलिए आप बच्चों को लाइट के इस्तेमाल से संबंधी बातें जरूर बताएं। इसके अलावा पुराने बल्ब के स्थान पर ऊर्जा की बचत करने वाली एलइडी लाइट के बारे में जानकारी दें।
बूंद-बूंद है जरूरी
बच्चों को पानी के महत्व के बारे में जरूर बताएं। उन्हें यह भी बताएं कि कैसे बेवजह बहते पानी को रोककर हम पानी की बर्बादी को कम कर सकते हैं। अक्सर बच्चे नल खुला छोड़ देते हैं। अगर बच्चा नल बंद करना भूल गया है, तो उसे नल बंद करने के लिए कहें।
प्लास्टिक को कहें न
किचन में प्लास्टिक के बर्तनों की जगह कांच या स्टील के बर्तनों को रखें। इसके बारे में बच्चों को भी बताएं। आप प्लास्टिक के बाथ टब की जगह लकड़ी के टब का उपयोग भी कर सकती हैं। इसके अलावा किराने की दुकान पर जाते समय, घर से बैग लेकर जाएं। इससे आपको बाजार से पॉलिथीन या बैग नहीं खरीदने होंगे।
साफ-सफाई
जब भी कहीं छुट्टी या पिकनिक पर जाएं, तब बच्चों को बताएं कि कूड़ा सही स्थान पर फेंकें। इन स्थानों को भी अपने घर जैसा ही समझें। इससे बच्चे हर जगह को अपने घर जैसा ही समझेंगे और उसे साफ एवं स्वच्छ बनाने का प्रयास करेंगे।
किचन में सिर्फ ऑर्गेनिक
अपने घर के पीछे छोटा-सा किचन गार्डन बनाएं। यदि आपके यहां सब्जियों और फलों को उगाने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है, तब आप ऑर्गेनिक हर्ब्स उगा सकती हैं। इस दौरान बच्चों को भी अपने साथ रखें। साथ ही बच्चों को सब्जी खरीदने के लिए मंडी आदि ले जाएं। वहां बच्चों को मौसम के हिसाब से सब्जी, फल एवं अन्य खाद्य पदार्थों के बारे में बताएं।
सैर पर ले जाएं
चाहे वह सुबह-शाम का समय हो या कोई और समय, बच्चों को पार्क अथवा शहर के बाहरी इलाके से सटे हरे-भरे मैदान में ले जाएं। हो सके तो वहां कैंप लगाकर कुछ दिन बिताएं। बच्चों के लिए प्रकृति से सामना कराने का इससे अच्छा और कोई तरीका नहीं।
हरियाली से हो प्यार
आप बच्चों के लिए गार्डनिंग, साइकिल चलाना या छोटे-छोटे पत्थरों को इकट्ठा करना आदि किसी भी गतिविधि को चुन सकती हैं। इसके अलावा पौधे लगाना, बीज बोना आदि का भी चुनाव कर सकती हैं। बच्चों को इनके फायदे भी बता सकती हैं कि कैसे इससे वातावरण को शुद्ध बनाने में मदद मिलती है।
खराब से कुछ नया
चाहे वह बैग हों, पुराने कपड़े, अखबार, बर्तन या कुछ और जो आपके लिए खराब है। उन्हें बच्चों को दें और उनसे कहें कि इनसे कुछ नया बनाएं। चाहे वह किताब या पेन रखने का स्टैंड हो या कुछ और सामान।
चीजों को करें साझा
बच्चों को उनकी पुरानी चीजें, चाहे वह कपड़े हों या किताबें जरूरतमंदों में बांटना सिखाएं। आप बच्चों को डोनेशन कैंप में भी ले जा सकती हैं, ताकि वे दूसरों को ऐसा करते देख सीख सकें। इससे बच्चों में गर्व की भावना पैदा होती है।