मुंह की साफ-सफाई में होने वाली गड़बड़ी
- फोटो : Freepik.com
ओरल हाइजीन में गड़बड़ी से सेहत के लिए बढ़ती समस्याएं
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, जब मुंह की सफाई ठीक तरीके से नहीं होती, तो बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। यही बैक्टीरिया खून में पहुंचकर शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर बीमारियां पैदा कर सकते हैं। गंदे दांत और मसूड़ों की बीमारी सीधे तौर पर हृदय रोग और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ाती है। इसी क्रम में अब अध्ययनकर्ताओं ने बताया है कि खराब ओरल हाइजीन से कैंसर, विशेषकर पैंक्रियाटिक कैंसर का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों का लंबे समय से मानना रहा है कि खराब मौखिक स्वच्छता वाले लोग, बेहतर ओरल हाइजीन वाले लोगों की तुलना में कई बीमारियों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।
अग्नाशय के कैंसर का खतरा
- फोटो : Adobe Stock
ओरल हाइजीन की समस्या और कैंसर का खतरा
न्यूयॉर्क स्थित एनवाईयू स्कूल ऑफ मेडिसिन के वैज्ञानिकों ने कुछ ऐसे बैक्टीरिया के बारे में पता लगाया है जो कैंसर के खतरे को कई गुना तक बढ़ाने वाले हो सकते हैं। मुंह की स्वच्छता में गड़बड़ी से उत्पन्न होने वाले ये हानिकारक कीटाणु लार के माध्यम से अग्नाशय में पहुंच सकते हैं और कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं।
जामा ऑन्कोलॉजी जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट में पॉपुलेशन हेल्थ के विशेषज्ञ और अध्ययन के सह-लेखक डॉ. रिचर्ड हेस कहते हैं, यह पहले से अब कहीं अधिक स्पष्ट है कि अपने दांतों और मुंह की सफाई करने से न केवल पेरिडोन्टल रोग को रोकने में मदद मिलती है, बल्कि हृदय रोगों और कैंसर से भी बचाव हो सकता है।
कैंसर के बढ़ते मामले चिंताजनक
- फोटो : freepik
अध्ययन में क्या पता चला?
इस अध्ययन में, शोधकर्ताओं ने पहली बार पाया कि कैंडिडा नामक एक प्रकार का यीस्ट, जो स्वाभाविक रूप से त्वचा और पूरे शरीर में रहता है, ये अग्नाशय के कैंसर को बढ़ाने वाला हो सकता है।
शोधकर्ताओं ने इसके लिए 900 अमेरिकी प्रतिभागियों के डेटा की जांच की। अध्ययन की शुरुआत में प्रतिभागियों के लार का सैंपल लिया गया और लगभग नौ वर्षों तक इसकी जांच की गई। कैंसर से जुड़े तीन अन्य बैक्टीरिया पहले से ही मसूड़ों में एक खतरनाक संक्रमण पैदा करने के लिए जाने जाते थे। अध्ययन के निष्कर्ष में शोधकर्ताओं ने पाया कि हानिकारक रोगाणुओं के समूह ने कैंसर के जोखिम को तीन गुना से भी अधिक बढ़ा दिया।
यानी कि अगर आप मुंह की साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखते हैं, तो इसके कारण आप कई प्रकार की जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ाने वाली हो सकती है।
ओरल हेल्थ का हृदय रोगों से संबंध
- फोटो : Freepik.com
हार्ट अटैक के खतरे को लेकर किया जाता रहा है अलर्ट
हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ओरल हेल्थ पर ध्यान न देना या मुंह के बैक्टीरिया भी हार्ट अटैक और हृदय स्वास्थ्य की समस्याओं का कारण बढ़ सकते हैं।
हार्वर्ड हेल्थ की रिपोर्ट में विशेषज्ञों की टीम ने खुलासा किया है कि जब मुंह में बैक्टीरिया मसूड़ों को संक्रमित करते हैं, तो वहां सूजन शुरू हो जाती है। यही बैक्टीरिया खून के जरिए धमनियों तक पहुंचकर वहां भी सूजन पैदा कर सकते हैं। धमनियों की यह सूजन धीरे-धीरे प्लाक बनने और ब्लॉकेज का कारण बन सकती है।
यहां पढ़िए पूरी रिपोर्ट
-----------------------------
स्रोत
Oral Bacterial and Fungal Microbiome and Subsequent Risk for Pancreatic Cancer
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।