फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alert: क्या इस बढ़ते संक्रामक रोग के कारण आने वाली है नई महामारी? आईसीएमआर ने शुरू कर दी है तैयारी

Thu, 06 Feb 2025 12:51 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अमेरिका में वैज्ञानिकों की टीम ने एच5एन1 वायरस में एक और नया व खतरनाक म्यूटेशन देखा गया जिसने चिंता बढ़ा दी है। कुछ विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से इस वायरस का प्रकोप देखा जा रहा है ऐसे में इसके कारण संभावित महामारी का खतरा है।आईसीएमआर के विशेषज्ञों की टीम ने बर्ड फ्लू वायरस के खिलाफ एक स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने पर काम भी शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
एच5एन1 वायरस के संक्रमण को लेकर अलर्ट - फोटो : Freepik.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले कुछ महीनों से दुनिया के कई देश एवियन इन्फ्लूएंजा (H5N1) वायरस के कारण फैलने वाली संक्रामक बीमारी को लेकर चिंतित हैं। एवियन इन्फ्लूएंजा जिसे बर्ड फ्लू के नाम से भी जाना जाता रहा है, इसका इंसानों में संक्रमण दुर्लभ माना जाता रहा है। पर पिछले कुछ महीनों में ये वायरस न सिर्फ इंसानों को संक्रमित कर रहा है बल्कि इसके कारण कई स्थानों पर मौत के मामले भी सामने आए हैं। वैज्ञानिकों की टीम ने वायरस में कुछ नए म्यूटेशन देखे हैं जो इसकी संक्रामकता और जटिलता दोनों को बढ़ाने वाले हो सकते हैं।

विज्ञापन


बर्ड फ्लू को लेकर प्राप्त हो रही हालिया जानकारियों के मुताबिक अमेरिका में वैज्ञानिकों की टीम ने वायरस में एक और नया व खतरनाक म्यूटेशन देखा गया जिसने चिंता बढ़ा दी है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बुधवार (5 फरवरी) को बताया कि नेवादा स्टेट में कई मवेशी एक नए प्रकार के बर्ड फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं, जो अब तक अमेरिका में फैल रहे वैरिएंट से अलग है।

वायरस के इस नए वैरिएंट को  D1.1 नाम दिया गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि शुरुआती अध्ययनों में इसकी प्रकृति काफी खतरनाक पाई गई है जिसमें संभावित रूप से महामारी का कारण बनने की क्षमता हो सकती है। 

विज्ञापन

गायों में बर्ड फ्लू का संक्रमण - फोटो : Freepik
गाय, इंसानों सहित कई जानवरों में देखा गया संक्रमण

पिछले कुछ महीनों के रिपोर्ट उठाकर देखें तो पता चलता है कि  वायरस के अलग-अलग वैरिएंट के कारण गाय, इंसानों और कुछ अन्य जानवरों में संक्रमण देखा गया था। अप्रैल 2024 में पहली बार गाय और गायों से इंसानों में बर्ड फ्लू संक्रमण के मामले देखे गए थे। 

H5N1 को शोधकर्ता कई प्रकार से घातक मान रहे हैं, इसकी  मृत्युदर भी अधिक मानी जाती रही है। कुछ विशेषज्ञ कहते हैं, जिस तरह से इस वायरस का प्रकोप देखा जा रहा है ऐसे में इसके कारण संभावित महामारी का खतरा है। अगर महामारी आती है तो निश्चित ही ये कोरोना से कहीं ज्यादा खतरनाक हो सकता है।

एच5एन1 का बढ़ता संक्रमण - फोटो : Freepik.com
वायरस के एक नए वैरिएंट को लेकर चिंता

वायरस के नए वैरिएंट की प्रकृति को लेकर चिंता जताते हुए कहा गया कि जिस तरह से इस वायरस का प्रसार है, ऐसे में इसके जानवरों तथा उनके साथ काम करने वाले लोगों में संक्रमण को नियंत्रित करना कठिन हो सकता है। चूंकि ये वायरस मवेशियों-कच्चे दूध में भी पाया गया है ऐसे में आशंका है कि इसके कारण गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं।

यूएस स्थित सेंट ज्यूड चिल्ड्रेंस रिसर्च हॉस्पिटल के इन्फ्लूएंजा विशेषज्ञ रिचर्ड वेबी ने कहा, हमें हमेशा यही लगता था कि पक्षी से गाय में संक्रमण एक बहुत ही दुर्लभ घटना है। अब ये इंसानों को भी प्रभावित करता हुआ देखा जा रहा है। अब हम जान गए हैं कि संक्रमण की टेस्टिंग  करना और परीक्षण जारी रखना वास्तव में क्यों महत्वपूर्ण है? यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि क्या हम एक नई महामारी की तरफ बढ़ रहे हैं?

संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन - फोटो : Freepik.com
वैक्सीन बनाने पर काम रह रहे हैं भारतीय वैज्ञानिक

दुनियाभर में बढ़ती इस संक्रामक बीमारी से बचाव को लेकर भारतीय विशेषज्ञों ने तैयारी भी शुरू कर दी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के विशेषज्ञों की टीम बर्ड फ्लू वायरस के खिलाफ एक स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने पर काम कर रही है। भारत की स्वास्थ्य अनुसंधान की शीर्ष एजेंसी के अनुसार, पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में वायरस के स्ट्रेन उपलब्ध हैं। अब आईसीएमआर इस वैक्सीन को बनाने के लिए अन्य कंपनियों के साथ सहयोग करने पर विचार कर रही है। 
विज्ञापन

संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण - फोटो : Freepik.com
इंसानों के लिए घातक हो सकता है संक्रमण

आईसीएमआर ने कहा, इंसानों में  एच5एन1 संक्रमण के कारण मृत्यु दर बहुत अधिक है, 50% से अधिक लोगों की संक्रमण से मौत हो सकती है। हालांकि इंसानों में मामले काफी दुर्लभ हैं और आमतौर पर संक्रमित पक्षियों के सीधे संपर्क में आने से होते हैं। इसके लक्षण बुखार और सांस लेने में तकलीफ से लेकर कई अंगों के फेलियर तक हो सकते हैं।

अब तक इस खतरनाक संक्रमण से बचाव को लेकर कोई मान्यता प्राप्त वैक्सीन या लक्षित उपचार उपलब्ध नहीं है। संक्रमण के बढ़ते मामलों और संभावित महामारी के जोखिमों ने लोगों की चिंता और वैक्सीन की आवश्यकता दोनों को बढ़ा दिया है।



--------------
स्रोत और संदर्भ
Second type of bird flu detected in US dairy cows


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें