कोरोना का नया वैरिएंट- PJ.2.1
- फोटो : Adobe Stock Photos
कोरोनावायरस का नया वैरिएंट PJ.2.1
डब्ल्यूएचओ ने कोरोनावायरस के
नए वैरिएंट PJ.2.1 को ‘वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ यानी निगरानी में रखे जाने वाले वैरिएंट की कैटेगरी में रखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये JN.1 वैरिएंट से निकला नया रूप है, जिसके स्पाइक प्रोटीन में 24 बदलाव पाए गए हैं। स्पाइक प्रोटीन वायरस का वह हिस्सा होता है, जिसकी मदद से वह इंसानी कोशिकाओं में प्रवेश करता है।
8 नवंबर तक यह वैरिएंट 18 देशों में पाया जा चुका था। कनाडा और अमेरिका में इसके मामले बढ़ने के बाद से वायरस के इस स्ट्रेन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
डब्ल्यूएचओ में वायरस की स्थितियों पर नजर रखने वाले विशेषज्ञ समूह (TAG-VE) ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट में कहा है कि दुनियाभर में इस नए वैरिएंट से स्वास्थ्य को होने वाले खतरों का जोखिम फिलहाल कम ही है। हालांकि, इस आकलन के लिए अभी और समय देने की जरूरत है क्योंकि अभी पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं है।
- लैब में किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि PJ.2.1 दूसरे मौजूदा वैरिएंट की तरह ही हो सकता है। इसके शरीर की एंटीबॉडी से बचने की क्षमता में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखाता है।
- हाल के वर्षों में LP.8.1 और XFG वैरिएंट के हिसाब से अपडेट की गई कोविड वैक्सीन लेने वाले लोगों के ब्लड सैंपल में भी इसे निष्क्रिय करने की क्षमता देखी गई है।
- इसका मतलब है कि मौजूदा वैक्सीन इस वायरस के जोखिमों को कम करने में मददगार हो सकती है।
क्या कहता है डब्ल्यूएचओ?
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट बताती है कि इस वैरिएंट की पहचान पहली बार कनाडा में हुई थी। लैब में हुए अध्ययनों से पता चलता है कि यह इंसानी शरीर में ACE2 रिसेप्टर से पहले की तुलना में ज्यादा मजबूती से बाइंड हो सकता है। यहां समझना जरूरी है कि ACE2 रिसेप्टर शरीर की कोशिकाओं की सतह पर मौजूद एक तरह का प्रवेश द्वार होता है, जिसका इस्तेमाल कोरोना वायरस कोशिकाओं में घुसने के लिए करता है।
- वायरस का रिसेप्टर से ज्यादा मजबूती से जुड़ना इसके बढ़ते मामलों की एक वजह हो सकता है, लेकिन इससे यह सीधे साबित नहीं होता कि इंसानों में इसका फैलाव तेजी से होता है।
- 8 नवंबर तक वैज्ञानिक डेटाबेस में 18 देशों से इस वैरिएंट के 722 सैंपल जमा किए जा चुके थे।
कोरोना के नए वैरिएंट के खतरे
- फोटो : Freepik.com
क्या PJ.2.1 से गंभीर बीमारी का हो सकता है खतरा?
डब्ल्यूएचओ के अनुसार, अभी ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है PJ.2.1 से पहले के वैरिएंट की तुलना में ज्यादा गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। हालांकि, इस बारे में मरीजों के आंकड़े अभी सीमित हैं। इस वैरिएंट को समझने के लिए आगे और अध्ययन की जा रही है।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि पिछले वैरिएंट्स के हिसाब से तैयार वैक्सीन लेने वाले 36 लोगों के खून के सैंपल पर एक अध्ययन किया गया। इसमें पाया गया कि PJ.2.1 के खिलाफ खून में एंटीबॉडी की क्षमता ठीक थी। जिससे पता चलता है कि वैक्सीनेशन इस वैरिएंट के कारण होने वाली बीमारी के खतरों को कम करने में भी मददगार है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन से बनने वाली एंटीबॉडी लैब में PJ.2.1 को निष्क्रिय करती देखी गई है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि वास्तविक जीवन में वैक्सीन इस वैरिएंट से संक्रमण या गंभीर बीमारी कितनी प्रभावित के साथ रोकने में मददगार हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इस नए वैरिएंट से घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। जिन स्थानों पर इसका संक्रमण देखा जा रहा है वहां बुजुर्गों, कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को खास ध्यान रखना चाहिए। संक्रमण प्रभावित हिस्सों में कोरोना से बचाव के लिए किए गए पुराने उपाय फिर से शुरू किए जाने चाहिए।
--------------
स्रोत:
Risk Evaluation for SARS-CoV-2 Variant Under Monitoring: PJ.2.1
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।