हाल के वर्षों में हैपेटाइटिस-सी (पीलिया) के इलाज के लिए स्वीकृत की गई दवा न केवल लिवर फेल कर सकती है बल्कि कई प्रकार के साइट इफैक्ट भी छोड़ सकती है। इस संबंध में आई एक नई रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी की है। इस रिपोर्ट के निष्कर्ष अमेरिका के खाद्य मंत्रालय के डाटाबेस पर आधारित हैं जिसमें दुनिया भर के डॉक्टरों ने काम किया है।
यह रिपोर्ट भारतीय समयानुसार बृहस्पतिवार को प्रकाशित होगी। रिपोर्ट में उन नौ प्रकार की सर्वाधिक उपयोग में आने वाली एंटी-वायरल दवाओं को भी शामिल किया गया है जिनके बारे में दावा किया जाता है कि वे बड़े स्तर पर बीमारी को बढ़ने से रोकती हैं। डॉक्टरों ने पाया कि इन दवाओं में कई साइड इफैक्ट भी हैं।
न्यूयॉर्क स्थित सेंटर फॉर लिवर डिसीज एंड ट्रांसप्लांटेशन के निदेशक डॉ. रॉबर्ट एस. ब्राउन ने कहा कि - ‘इन दवाओं से कई दूसरी समस्याएं भी हो सकती हैं, जिनके बारे में विस्तार से जांच की जानी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि - ‘हमें इस रिपोर्ट की उपेक्षा न करके रोगियों में इसका खतरा समझना चाहिए।’