फ्रोजन शोल्डर की समस्या
- फोटो : Adobe Stock
फ्रोजन शोल्डर की समस्या दुनियाभर के लोगों के लिए मुश्किलों का कारण रही है। ब्रिटेन की जानी-मानी जनरल प्रैक्टिशनर डॉ. फिलिपा केय कहती हैं, ये समस्या आपके दैनिक कामकाज के लिए बड़ी बाधा हो सकती है। पर ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं होता है कि इसके लिए उन्हें किसी महंगे दवा की जरूरत है। ये आसानी से ही कुछ उपायों को अपनाकर भी ठीक की जा सकती है।
सर्दियों से साथ बढ़ जाता है कंधों में दर्द
डॉ. फिलिपा कहती हैं, आमतौर पर मौसम सर्द होने के साथ इसकी शिकायत बढ़ने लग जाती है। कुछ हफ्तों से मेरे पास ऐसे कई मरीज आ रहे हैं, जिन्हें फ्रोजन शोल्डर, कंधे में दर्द और जकड़न की समस्या है। वे पहले ही इंटरनेट पर अपनी बीमारी और उसके लक्षणों के बारे में पढ़ चुके होते है।
हर मरीज की एक ही मांग थी- उन्हें जल्द से जल्द इस समस्या से छुटकारा चाहिए। कोई गोली चाहता था तो कोई इंजेक्शन। यानी ऐसा कोई भी इलाज, जिससे उनका दर्द तुरंत खत्म हो जाए।
- डॉ. फिलिपा कहती हैं, मैं मरीजों की इस परेशानी को समझ सकती हूं। फ्रोजन शोल्डर का दर्द वाकई काफी तकलीफदेह होता है। मेडिकल भाषा में इसे 'एडहेसिव कैप्सुलाइटिस' कहते हैं।
- इस समस्या में कंधे के जोड़ को चारों तरफ से ढकने वाली झिल्ली में सूजन आ जाती है। धीरे-धीरे यह झिल्ली मोटी और सख्त होने लगती है।
- इसकी वजह से कंधे में दर्द होने लगता है और उसे हिलाना-डुलाना मुश्किल हो जाता है।
- इस परेशानी का असर सिर्फ कंधे तक सीमित नहीं रहता। दर्द के कारण रात में ठीक से नींद नहीं आती और रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम करना भी मुश्किल हो जाता है।
फ्रोजन शोल्ड और कंधे का दर्द
- फोटो : Adobe Stock
फ्रोजन शोल्डर ऐसी समस्याओं में से एक है, जिसमें मरीज खुद भी अपनी रिकवरी की प्रक्रिया में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए रोजाना कुछ आसान एक्सरसाइज करने की जरूरत होती है। हालांकि, एक्सरसाइज शुरू करने से पहले यह समझना जरूरी है कि फ्रोजन शोल्डर क्यों होता है और किन लोगों को इसका खतरा ज्यादा रहता है।
पहले जान लीजिए क्यों होती है ये दिक्कत?
कई बार कंधे में चोट लगने के बाद फ्रोजन शोल्डर की समस्या शुरू हो जाती है। अगर किसी सर्जरी के बाद लंबे समय तक हाथ को स्थिर रखते हैं, तब भी यह परेशानी हो सकती है। फ्रोजन शोल्डर आमतौर पर तीन चरणों में विकसित होता है।
- पहला- इसमें कंधे में दर्द होना शुरू होता है। धीरे-धीरे कंधे की जकड़न बढ़ने लगती है और हाथ को पहले की तरह हिलाना मुश्किल होने लगता है।
- दूसरा- इस दौरान कंधे का दर्द कुछ कम हो सकता है, लेकिन अकड़न सबसे ज्यादा होती है। हाथ को ऊपर उठाने, पीछे ले जाने या घुमाने में काफी परेशानी होती है।
- तीसरा- इसमें कंधे की अकड़न धीरे-धीरे कम होने लगती है और हाथ की मूवमेंट की क्षमता वापस आने लगती है। हालांकि, इस दौरान भी दर्द बना रह सकता है।
फ्रोजन शोल्डर से पूरी तरह उबरने में एक से तीन साल तक का समय लग सकता है। इस दौरान सबसे जरूरी बात यह है कि कंधे को धीरे-धीरे हिलाते रहें और उसकी हल्की एक्सरसाइज करते रहें।
कंधों में दर्द के लिए एक्सरसाइज
- फोटो : Freepik.com
फ्रोजन शोल्डर में राहत के लिए कौन से एक्सरसाइज करें?
डॉ. फिलिपा कहती हैं, एक्सरसाइज शुरू करने से पहले कंधे को थोड़ा गर्म करना जरूरी है। इसके लिए गर्म पानी से नहाएं या 10 मिनट तक कंधे पर गर्म पानी की थैली या हीट पैक रखें। इससे मांसपेशियों को आराम मिलेगा और कंधे को हिलाना थोड़ा आसान हो जाएगा।
पेंडुलम स्विंग
इस एक्सरसाइज को करने के लिए किसी टेबल के सामने खड़े होकर थोड़ा आगे की तरफ झुकें। जिस हाथ में दर्द नहीं है उसे टेबल पर टिकाकर शरीर को सहारा दें। अब दर्द वाले हाथ को नीचे की तरफ बिल्कुल ढीला छोड़ दें। इसके बाद हाथ को धीरे-धीरे छोटे-छोटे गोल घुमाएं। आप इसे आगे-पीछे भी हिला सकते हैं। ध्यान रखें कि हाथ को खुद से जोर लगाकर घुमाने की जरूरत नहीं है। उसे आराम से हिलने दें।
टेबल स्लाइड
इस एक्सरसाइज के लिए कुर्सी पर बैठ जाएं और दर्द वाले हाथ की हथेली को टेबल पर रखें। अब हाथ को धीरे-धीरे टेबल पर आगे की तरफ सरकाएं। हाथ के साथ अपने शरीर को भी थोड़ा आगे झुकाएं। ऐसा महसूस करें जैसे आप टेबल की सतह को कपड़े से साफ कर रहे हों। हाथ को उतना ही आगे ले जाएं, जहां तक आराम से पहुंच सकें। ये एक्सरसाइज कंधे की लचक और ताकत बढ़ाने में मदद करती है।
वॉल वॉक
इसके लिए दीवार के सामने सीधे खड़े हो जाएं। अब दर्द वाले हाथ की उंगलियों को दीवार पर रखें और धीरे-धीरे ऊपर की तरफ चलाएं। उंगलियों को उतना ही ऊपर ले जाएं, जहां तक बिना ज्यादा दर्द के पहुंच सकें। कुछ हफ्तों तक नियमित रूप से ऐसा करें। धीरे-धीरे आप देखेंगे कि आपकी उंगलियां पहले के मुकाबले दीवार पर ज्यादा ऊपर तक पहुंचने लगी हैं। यह इस बात का संकेत होगा कि आपके कंधे की मूवमेंट बेहतर हो रही है।
क्रॉस बॉडी स्ट्रेच
अगर आपके कंधे के पिछले हिस्से में दर्द रहता है तो यह एक्सरसाइज मददगार हो सकती है। इसके लिए लिए दर्द वाले हाथ को कोहनी के पास से दूसरे हाथ से पकड़ें। अब धीरे-धीरे उसे अपने सीने की तरफ खींचें। कुछ देर इसी स्थिति में रहें और फिर हाथ को आराम दें। जितना आराम से हो सके, उतना ही स्ट्रेच करें।
डॉ बताती हैं, फ्रोजन शोल्डर में दर्द से राहत पाने के लिए गर्म सिकाई करना फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा, पैरासिटामोल या आइबुप्रोफेन जैसी पेनकिलर दवाएं भी मदद कर सकती हैं। हालांकि, कोई भी दवा लेने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। रात में सोते समय दर्द वाले कंधे की तरफ करवट लेकर सोने से बचें। अगर नियमित एक्सरसाइज करने के बाद भी आपको आराम नहीं मिल रहा है या कंधे का दर्द बहुत ज्यादा है तो अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।