फिट बॉडी और सिक्स पैक एब्स, आप भले ही ऐसी बॉडी फिल्मों में हीरो की देखते होंगे पर आप अक्सर ऐसी बॉडी की खुद भी ख्वाहिश रखते ही होंगे।
फिटनेस इस कदर हो कि बदलाव साफ एब्स पर दिखे, इसके लिए जरूरी है सही कसरतें और उन्हें करने का अनुशासन। अगर आप भी सिक्स पैक एब्स की ख्वाहिश रखते हैं तो रुटीन में ये पांच कसरतें जरूर शामिल करें।
बायसाइकिल
अपर और लोवर एब्स को शेप देने के लिए यह सबसे आसान और अच्छी कसरत मानी जाती है। पीठ के बल लेटें और पैरों को हवा में पैडल मारने के अंदाज में घुमाते रहें। प्रतिदिन 12-12 बार यह कसरत एब्स बनाने में मददगार है।
क्लासिक क्रंच
अक्सर लोग क्रंच से घबराते हैं पर यकीनन मानिए तो फ्लैट एब्स या सिक्स पैक एब्स के लिए इसका कोई विकल्प भी नहीं है।
इसे करने के लिए मैट पर पीठ के बल लेटें। दोनों हाथों को सिर के नीचे रखें। अब शरीर के ऊपरी और निचले भाग को एक साथ ऊपर की ओर उठाएं और कुछ क्षण रुकने के बाद वापस नीचे लाएं।
इसे 10-12 बार 3 सेट्स के रूप में नियमित तौर पर करें।
रिवर्स क्रंच
रिवर्स क्रंच की मदद से आप अपनी लोवर एब्स को शेप दे सकते हैं।
पीठ के बल मैट पर लेटें और दोनों हाथों को बाजू में जमीन पर रखें। अब दोनों घुटनों को मोड़कर उठाएं और कोशिश करें कि पैरों के साथ शरीर का निचला भाग भी उपर उठे।
इसे 10-12 बार 3 सेट्स के रूप में नियमित तौर पर करें।
वुड चॉप
इस कसरत को आप डंबल, बॉल या केबिल वेट सिस्टम की मदद से कर सकते हैं।
इसके लिए घुटनों के बल बैठें और एक पैर को बाहर कर लें। अब डंबल को पहले कंधों को ऊपर ले जाएं और फिर बाहर किए गए पंजों के साइड में लाएं। नीचे लाते वक्त बेहद सावधान रहें वरना मसल्स को नुकसान हो सकता है।
8 से 12 बार दोहराकर इस प्रक्रिया को शरीर के दूसरे हिस्से से करें।
ट्रंक रोटेशन
इस कसरत को आप बॉल या डंबल की सहायता से कर सकते हैं।
इसके लिए मैट पर बैठ जाएं। घुटने मड़ लें। हाथों में डंबल या बॉल अपनी सुविधानुसार लें और शरीर के दोनों ओर वजन को धीरे-धीरे घुमाएं।
इसे 10-12 बार 3 सेट्स के रूप में नियमित तौर पर करें।