कोरोना वायरस को खत्म करने वाली प्रभावी वैक्सीन आखिर कब तक मिलेगी, यह एक बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है। पूरी दुनिया को इसका इंतजार है, ताकि लोग इस जानलेवा वायरस की चपेट में आने से बच सकें। रूस और चीन में तो लोगों को वैक्सीन दी भी जा रही है जबकि उनका तीसरे चरण का ट्रायल अभी पूरा भी नहीं हुआ है। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन की मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने वैक्सीन को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि साल 2022 से पहले पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन का मिल पाना मुश्किल है, जिससे लोग फिर से सामान्य जीवन में लौट सकें।