Cancer vaccine for women: कैंसर वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का कारण रहा है। हर साल इस रोग के कारण लाखों लोगों की मौत हो जा रही है। साल 2023 के आंकड़ों के अनुसार दुनियाभर में कैंसर से लगभग 9.6 से 10 मिलियन (96 लाख से एक करोड़) लोगों की मौत हुई है।
सर्वाइकल कैंसर, महिलाओं में वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ता कैंसर है, जिसके कारण हर साल लाखों महिलाओं की मौत हो जाती है।
भारत में, सर्वाइकल कैंसर 18.3% (123,907 मामले) की दर के साथ तीसरा सबसे आम कैंसर है। रिपोर्ट के अनुसार 9.1% की मृत्यु दर के साथ ये महिलाओं में मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण भी है।
भारत में महिलाओं को प्रभावित करने वाले कैंसर के खिलाफ एक महत्वपूर्ण वैक्सीन अगले पांच से छह महीनों में उपलब्ध हो सकती है। केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। इस वैक्सीन का लाभ 9 से 16 वर्ष की उम्र की लड़कियों को मिलेगा।
महिलाओं के लिए यह कैंसर वैक्सीन एक बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है। यह कदम न केवल रोग की रोकथाम में मदद करेगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएगा। यदि सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो आने वाले कुछ महीनों में यह वैक्सीन लाखों महिलाओं की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
वैक्सीन पर हो रहा है अंतिम परीक्षण
स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने बताया कि इस वैक्सीन पर शोध लगभग पूरा हो चुका है और इसका परीक्षण अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा, "देश में कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ रही है और केंद्र सरकार इस समस्या को दूर करने के लिए कदम उठा रही है।"
महिलाओं की होगी नियमित स्क्रीनिंग
- 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की सरकारी अस्पतालों में स्क्रीनिंग होगी।
- डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे कैंसर का जल्दी पता लगाया जा सके।
- कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है, ताकि मरीजों को सस्ती दवाएं मिल सकें।
कौन-कौन से कैंसर से मिलेगी सुरक्षा?
- यह वैक्सीन स्तन कैंसर, मुंह का कैंसर और सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करेगी।
- सरकार आयुष सुविधाओं का विस्तार कर रही है और अस्पतालों में आयुष विभाग उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
- देश में 12,500 से अधिक हेल्थ सेंटर मौजूद हैं और सरकार इन्हें बढ़ाने की योजना बना रही है।