आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले एक दशक में लिवर की बीमारियों के मामले पांच गुना तक बढ़ चुके हैं। चिंता की बात यह है कि ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं होता कि उनका लिवर धीरे-धीरे खराब हो रहा है। इस बीमारी को पहचानना भी आसान नहीं है, क्योंकि शुरुआत में इसके लक्षण या तो दिखाई नहीं देते या इतने सामान्य होते हैं कि लोग उन्हें दूसरी समस्याओं से जोड़कर नजरअंदाज कर देते हैं।
क्या कहती है नई गाइडलाइन?
इसी खतरे को देखते हुए
ब्रिटिश सोसाइटी ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इनके मुताबिक, टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों में नियमित रूप से लिवर की जांच की जानी चाहिए। इसके अलावा अधिक वजन वाले ऐसे लोगों की भी जांच होनी चाहिए, जिनमें बीमारी का कम से कम एक अन्य जोखिम कारक मौजूद हो।
- नई सिफारिशों के अनुसार, इन लोगों की हर पांच साल में स्क्रीनिंग की जानी चाहिए। जिन लोगों में बीमारी का खतरा अधिक होगा, उन्हें फाइब्रोस्कैन जांच कराने की सलाह दी जानी चाहिए।
- फाइब्रोस्कैन एक विशेष प्रकार की जांच है, जिसकी मदद से लिवर में होने वाले नुकसान और उसमें आई कठोरता या स्केरिंग का पता लगाया जा सकता है।
- खास बात यह है कि बीमारी के लक्षण सामने आने से पहले ही इस जांच से लिवर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
डायबिटीज की बीमारी वालों में लिवर की समस्याएं
- फोटो : Freepik.com
विशेषज्ञों के मुताबिक, पहले लिवर की बीमारियों के लिए शराब पीने को बड़ा कारण माना जाता था, लेकिन अब शरीर में बढ़ती चर्बी और मोटापा भी इसके खतरे को बढ़ाते देख जा रहे हैं।
ब्रिटेन में जारी इस नई गाइडलाइन को तैयार करने वाले विशेषज्ञ प्रोफेसर स्टुअर्ट मैकफर्सन कहते हैं, लिवर की ज्यादातर गंभीर बीमारियां वर्षों तक धीरे-धीरे विकसित होती हैं। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि लिवर में काफी ज्यादा नुकसान होने तक मरीज को अक्सर किसी समस्या का एहसास ही नहीं होता।
नई स्क्रीनिंग व्यवस्था से ऐसे हजारों मरीजों की पहचान हो सकती है, जिनकी बीमारी का अब तक पता नहीं चल पाता।
डायबिटीज और प्री-डायबिटीज वाले लोगों को ज्यादा खतरा
विशेषज्ञों ने चेताया है कि डायबिटीज और प्री-डायबिटीज के शिकार लोगों को अपनी लिवर हेल्थ को लेकर अलर्ट रहना चाहिए। ऐसे लोगों में आगे चलकर फैटी लिवर की डिजीज होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके संकेतों को पहचानना और समय पर जांच कराना बीमारी को बढ़ने से रोकने में मदद कर सकता है।
क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के हेपेटोलॉजिस्ट प्रोफेसर विलियम अलाजावी के मुताबिक, अगर लिवर की बीमारी का पता बहुत देर से चलता है, तो तब तक हुए नुकसान को ठीक करना काफी मुश्किल हो जाता है। बहुत से लोग कई वर्षों तक लिवर की बीमारी के साथ रहते हैं, लेकिन उन्हें इसका पता नहीं चलता। कई मरीजों को पहली बार तब बीमारी के बारे में पता चलता है, जब उनका लिवर फेल होने लगता है।
लिवर की बीमारियों की पहचान कैसे करें?
- फोटो : Adobe stock images
किन संकेतों पर ध्यान देते रहने की जरूरत?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि लिवर की बीमारी के ज्यादातर मामलों में कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देता है, फिर भी शरीर के कुछ संकेतों पर ध्यान देते रहना जरूरी है।
- लिवर की बीमारी में लगातार थकान महसूस होना सबसे आम शिकायतों में से एक है। मरीजों को हर समय कमजोरी और कम ऊर्जा महसूस हो सकती है। इसके अलावा ध्यान केंद्रित करने और किसी काम पर फोकस करने में परेशानी भी हो सकती है।
- कुछ लोगों को पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द या भारीपन महसूस हो सकता है। पेट के इसी हिस्से में लिवर मौजूद होता है।
- लगातार खुजली होना भी लिवर से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। मेडिकल भाषा में इसे कोलेस्टेटिक प्रुरिटस कहते हैं।
- बीमारी बढ़ने पर कुछ मरीजों को पीलिया की दिक्कत हो सकती है।
- लिवर को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचने पर कुछ मरीजों को भ्रम, सोचने-समझने में परेशानी और उल्टी में खून आने जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं।
लिवर यूके की कम्युनिकेशन एंड पॉलिसी डायरेक्टर वैनेसा हेबडिच का कहना है कि कई मामलों में बीमारी की जल्दी पहचान होने से उसे बढ़ने से रोका जा सकता है। इतना ही नहीं, शुरुआती चरण में लिवर को हुए कुछ नुकसान को वापस ठीक करने का मौका भी मिल सकता है।
--------------
स्रोत:
New liver disease guidelines: a vital step towards earlier diagnosis
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।