दुनियाभर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, चीन समेत कई देशों में वैज्ञानिक वैक्सीन बनाने को लेकर प्रयासरत है। करीब डेढ़ दर्जन वैक्सीन क्लीनिकल ट्रायल के फेज में पहुंच चुकी है। ट्रायल प्रक्रिया के परिणाम भी सकारात्मक आ रहे हैं। देश में आईसीएमआर और भारत बायोटेक कंपनी सात जुलाई से कोरोना की वैक्सीन 'कोवाक्सिन' (COVAXIN) का ह्यूमन ट्रायल शुरू करने जा रही है। आईसीएमआर आगामी 15 अगस्त तक वैक्सीन लॉन्च करने की तैयारी में है। इस बीच देश की एक और वैक्सीन को ह्यूमन ट्रायल की अनुमति मिल गई है। यह वैक्सीन गुजरात के अहमदाबाद की जाइडस कैडिला कंपनी (Zydus Cadila Healthcare Ltd) ने बनाई है।