Smart Storage Tips: मल्टीफंक्शनल फर्नीचर भले ही हर किसी के बजट में न हो, लेकिन स्टोरेज वाला बेड लगभग हर घर की जरूरत है। बेड के भीतर की यह जगह घर की सबसे अनोखा स्टोरेज स्पेस बन सकती है। बस, थोड़ी समझदारी से घर को ज्यादा स्पेस और बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर सकती हैं।
पहले तय करें, बेड में क्या रखना है
बेड के स्टोरेज को भरने से पहले सोचें कि कौन-सी चीजें सच में जरूरी हैं, क्योंकि अक्सर उसमें गैर-जरूरी सामान भर दिया जाता है। इसमें रोज इस्तेमाल होने वाली चीजों के बजाय ऐसी वस्तुएं रखें, जिनकी जरूरत लंबे अंतराल के बाद पड़ती हैं। सर्दियों के कपड़े, अतिरिक्त चादरें, कंबल, परदे, कुशन कवर और त्योहारों का सामान इसके लिए बेहतरीन हैं। इससे चीजें सुरक्षित, व्यवस्थित तथा धूल-मिट्टी से बची रहती हैं और आपका घर साफ-सुथरा व खुला-खुला नजर आता है।
वैक्यूम बैग से बचाएं जगह
बेड में ऐसे ही सामान ठूंस देने की जगह आप वैक्यूम स्टोरेज बैग्स का इस्तेमाल करें। कपड़े, रजाई और कंबल जैसी फूली हुई चीजें काफी जगह घेरती हैं। इनके लिए यह सबसे उपयोगी सिद्ध होंगे। इन बैग्स में सामान रखने के बाद हवा निकालने से उसका आकार काफी कम हो जाता है और एक ही जगह में अधिक सामान रखा जा सकता है। हालांकि इनमें केवल पूरी तरह सूखा सामान ही रखें, ताकि लंबे समय तक बंद रहने पर नमी की समस्या न हो।
लेबल लगाएं, सामान ढूंढना होगा आसान
बेड में सामान रखने के बाद अक्सर यह परेशानी होती है कि जरूरत के समय पता नहीं चलता कि कौन-सी चीज कहां रखी है। इस समस्या से बचने के लिए हर बॉक्स या बैग पर साफ-साफ लेबल लगाएं। मसलन, सर्दियों के कपड़े, अतिरिक्त बिस्तर या त्योहार का सामान। इससे पूरा बेड खंगालने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सामान भी नहीं बिखरेगा।
बॉक्स और रोलिंग ड्रॉअर का करें इस्तेमाल
अलग-अलग आकार के अंडर-बेड स्टोरेज बॉक्स कमरे को व्यवस्थित रखने में मदद करते हैं। पहियों वाले रोलिंग ड्रॉअर और भी सुविधाजनक होते हैं, क्योंकि उन्हें आसानी से बाहर निकाला जा सकता है। इनमें किताबें, बच्चों के खिलौने, अतिरिक्त लिनेन या दूसरी कम इस्तेमाल होने वाली चीजें रखी जा सकती हैं।
सफाई और छंटाई भी है जरूरी
बेड बंद रहने के कारण वहां धूल, नमी और कीड़ों की समस्या हो सकती है। इसलिए समय-समय पर स्टोरेज खाली करके अच्छी तरह सफाई और हवा लगाना जरूरी है। नमी से बचाव के लिए उपयुक्त नमी-रोधक पैकेट इस्तेमाल किए जा सकते हैं। साल में कम से कम दो बार सामान की छंटाई करें और जो चीजें काम की नहीं हैं, उन्हें हटा दें। सिर्फ सामान भरते जाना स्मार्ट स्टोरेज नहीं है। साल में कम से कम दो बार सामान की छंटाई करें और जो चीजें लंबे समय से इस्तेमाल नहीं हुईं या अब जरूरत की नहीं हैं, उन्हें अलग कर दें।