नाइफ : काम होगा आसान
किचन के लिए अच्छा नाइफ यानी चाकू मजबूत स्टेनलेस स्टील का, तेज धार वाला, आरामदायक पकड़ और संतुलित वजन वाला होना चाहिए। इसका ब्लेड जंग-रोधी और टिकाऊ होना चाहिए। बाजार में आपको नाइफ के कई विकल्प मिलते हैं, लेकिन घरेलू उपयोग के लिए 6-8 इंच का शेफ नाइफ सबसे उपयोगी माना जाता है।
पीलर : छीलना ऊबाऊ नहीं
चाकू से सब्जियां छीलना कठिन काम है, इसलिए पीलर का उपयोग बेहतर माना जाता है। एक अच्छा पीलर हल्का और आरामदायक पकड़ वाला होता है। तेज ब्लेड आलू, गाजर और खीरे जैसी सब्जियों को आसानी से छील देते हैं। वाई शेप पीलर तेज उपयोग के लिए लोकप्रिय है, जबकि मल्टी-फंक्शन पीलर में अतिरिक्त सुविधाएं आपको मिल जाती हैं।
कैंची : सेफ्टी लॉक वाली
रसोई में मिर्च तथा बिन्स जैसी कुछ सब्जियों, पैकेट्स और पिज्जा कटाने के लिए कैंची की जरूरत होती है। यह कैंची पकड़ने में आरामदायक, एंटी-स्लिप, तेज ब्लेड, जंग-रोधी और आसानी से साफ होने वाली होनी चाहिए। हालांकि रसोई के लिए आपको सेफ्टी लॉक पर अधिक ध्यान देकर ही कैंची खरीदनी चाहिए।
स्पाइरलाइजर : आकर्षक आकार
स्पाइरलाइजर एक अनोखा रसोई गैजेट है, जो कच्चे फलों और सब्जियों को लंबे, घुमावदार आकार में बदल देता है। इसका उपयोग अक्सर हेल्दी पास्ता या सलाद बनाने में किया जाता है। यह साधारण फल-सब्जियों को आकर्षक और मजेदार रूप देता है। खासकर बच्चों के लिए सेब, गाजर या खीरे को स्पाइरल आकार में परोसने से वे उन्हें खुशी से खाते हैं। जो लोग रसोई में नए प्रयोग करना पसंद करते हैं, उनके लिए स्पाइरलाइजर बेहद उपयोगी और रचनात्मक उपकरण है।
इलेक्ट्रॉनिक चॉपर : सब एक समान
अगर आप रोजाना प्याज काटते समय आंखों में पानी आने की परेशानी से बचना चाहती हैं, तो पुराने तरीके छोड़कर किचन में बॉक्स चॉपर जरूर शामिल करें। यह चॉपर सब्जियों और फलों को एक समान आकार में जल्दी और आसानी से काटता है। इसमें पुश-डाउन ढक्कन, तेज ब्लेड और नीचे कंटेनर होता है, जहां कटी हुई सब्जियां जमा हो जाती हैं। प्याज, गाजर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां काटने के लिए यह रोजाना इस्तेमाल में बेहद सुविधाजनक है।