विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने और स्वास्थ्य, नैतिकता व नेतृत्व से जुड़े विषयों को समझने के इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह अवसर स्विट्जरलैंड के जेनेवा स्थित डब्ल्यूएचओ मुख्यालय की साइंस फॉर हेल्थ इकाई में ‘इंटर्नशिप- एथिक्स टीम इन फोरसाइट, लीडरशिप एंड एथिक्स इन साइंस’ के लिए है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और हाल ही में पढ़ाई पूरी करने वाले युवाओं को संगठन के तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्रदान करना है। इस इंटर्नशिप के माध्यम से उम्मीदवारों को वैज्ञानिक नैतिकता, दूरदर्शिता और नेतृत्व से जुड़े कार्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
कौन हैं आवेदन के पात्र
इस इंटर्नशिप प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए जरूरी है कि आवेदक की उम्र आवेदन की तिथि तक न्यूनतम 20 वर्ष हो। साथ ही अभ्यर्थी किसी विश्वविद्यालय या समकक्ष संस्थान में औपचारिक डिग्री पाठ्यक्रम के लिए नामांकित हो। इसके अलावा, निर्धारित शर्तों के अनुसार, योग्यता पूरी करने के 18 महीने के भीतर आवेदन करने वाले उम्मीदवार भी विचार के पात्र हो सकते हैं। इंटर्नशिप शुरू होने से पहले स्नातक स्तर पर कम से कम तीन वर्ष की पूर्णकालिक पढ़ाई पूरी होना जरूरी है। उम्मीदवार को संबंधित कार्यालय की कम से कम एक कार्यशील भाषा में दक्ष होना चाहिए और उसके पास डब्ल्यूएचओ सदस्य देश का वैध पासपोर्ट होना चाहिए।
बीमा एवं भत्ता
इस इंटर्नशिप के दौरान सभी इंटर्न को चिकित्सा और दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। आर्थिक सहायता की जरूरत वाले योग्य चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित शर्तों के अनुसार जीवनयापन भत्ता भी दिया जा सकता है। इसके लिए उम्मीदवारों को हितों की घोषणा (डिक्लेरेशन ऑफ इंटरेस्ट) से संबंधित फॉर्म भरना होता है। इसमें अनुदान, छात्रवृत्ति या अन्य माध्यमों से मिलने वाली प्रासंगिक वित्तीय सहायता का विवरण देना जरूरी है। इसी जानकारी के आधार पर आर्थिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता का आकलन किया जाता है।
अवधि व जरूरी शर्तें
चयनित उम्मीदवारों को कम से कम छह सप्ताह और अधिकतम 24 सप्ताह तक पूर्णकालिक काम करने के लिए उपलब्ध रहना होगा। इंटर्नशिप की अवधि संबंधित विभाग की जरूरतों पर निर्भर करेगी। उम्मीदवारों को पढ़ाई में नामांकन या अंतिम योग्यता पूरी करने का प्रमाण देना होगा। इसके अलावा, इंटर्नशिप शुरू होने से पहले निर्धारित मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार डब्ल्यूएचओ के आधिकारिक कॅरिअर पोर्टल पर संबंधित पद की वैकेंसी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 24 अक्तूबर, 2026 निर्धारित की गई है। विस्तृत जानकारी के लिए "डब्ल्यूएचओ के आधिकारिक इंटर्नशिप पेज" who.int/careers/internship-programme पर जाएं।
- आवेदक की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष निर्धारित की गई है।
- इस इंटर्नशिप के दौरान सभी इंटर्न को चिकित्सा और दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।
- इंटर्नशिप की न्यूनतम अवधि छह सप्ताह और अधिकतम 24 सप्ताह निर्धारित है।