उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है। यूपी स्पेशल टीईटी 2026 के लिए आवेदन करने की आज यानी 4 अक्तूबर 2026 आखिरी तारीख है। जिन योग्य उम्मीदवारों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, वे आज आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख के बाद रजिस्ट्रेशन का मौका नहीं मिलेगा।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग यानी UPESSC की ओर से यूपी स्पेशल टीईटी के लिए नोटिफिकेशन 3 सितंबर 2026 को जारी किया गया था। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन का लिंक 5 सितंबर 2026 को एक्टिव किया गया था। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें।
पेपर 1 के लिए योग्यता क्या है?
यूपी स्पेशल टीईटी के पेपर 1 के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास एलिमेंट्री एजुकेशन में दो साल का डिप्लोमा होना चाहिए। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार जरूर जांच लेनी चाहिए।
पेपर 2 के लिए कौन योग्य है?
पेपर 2 के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन और एलिमेंट्री एजुकेशन में दो साल का डिप्लोमा या बीएड होना चाहिए। इसके अलावा सीनियर सेकेंडरी के साथ चार वर्षीय बीएलएड करने वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं। वहीं, कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन और स्पेशल एजुकेशन में एक वर्षीय बीएड वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन कैसे करना होगा?
- आवेदन के लिए सबसे पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
- होमपेज पर यूपी स्पेशल टीईटी रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन करना होगा।
- इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से आवेदन फॉर्म भरना होगा।
- उम्मीदवार को जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करने होंगे। इसके बाद आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा।
OTR जरूरी है क्या?
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR नहीं किया है, उन्हें आवेदन से पहले OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। OTR पूरा होने के बाद प्राप्त लॉगिन डिटेल्स के जरिए यूपी स्पेशल टीईटी के आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
- यूपी स्पेशल टीईटी के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
- एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 500 रुपये है।
- वहीं, पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है।
परीक्षा कब होगी?
यूपी स्पेशल टीईटी 2026 परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 1 नवंबर 2026 को जारी होने की जानकारी दी गई है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड साथ ले जाना जरूरी होगा, क्योंकि बिना प्रवेश पत्र के परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।