United Nations University Internship 2027
- फोटो : AI Generated
संयुक्त राष्ट्र विश्वविद्यालय (यूएनयू) ने जूनियर फेलो इंटर्नशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह इंटर्नशिप विदेश में काम करने और संयुक्त राष्ट्र के साथ जुड़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छा अवसर है। इस कार्यक्रम के तहत चयनित उम्मीदवारों को वैश्विक विकास, नीति निर्माण और शोध से जुड़ी परियोजनाओं को करीब से समझने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इस इंटर्नशिप के लिए दुनियाभर के योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
मिलेगा वैश्विक कार्य अनुभव
इस इंटर्नशिप के दौरान चयनित फेलो को शोध, लेखन, विश्लेषण और नीति से संबंधित कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम उन युवाओं के लिए उपयोगी हो सकता है, जो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय संगठनों, शोध संस्थानों या विकास और नीति से जुड़े क्षेत्रों में अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं।
जरूरी योग्यताएं
इस इंटर्नशिप के लिए उम्मीदवार का वर्तमान में मास्टर या डॉक्टरेट की पढ़ाई करना या आवेदन की तारीख
से पिछले दो वर्षों के भीतर इसे पूरा करना जरूरी है। विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र से संबंधित विषयों में पढ़ाई करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिल सकती है। आवेदन के समय आयु 32 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए और उम्मीदवार का संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव पांच वर्ष तक सीमित होना चाहिए। अंग्रेजी लिखने और बोलने की अच्छी क्षमता के साथ-साथ उम्मीदवार को शोध, लेखन और विश्लेषणात्मक कौशल में दक्ष होना चाहिए। इसके अलावा, समस्या का समाधान खोजने, रचनात्मक ढंग से सोचने और अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोगों के साथ प्रभावी ढंग से काम करने की क्षमता होनी चाहिए। उम्मीदवार को एमएस ऑफिस की व्यावहारिक जानकारी भी होनी चाहिए।
अवधि व मासिक वजीफा
यह इंटर्नशिप छह महीने की होगी। चयनित फेलो को एक मार्च, 2027 से 27 अगस्त, 2027 तक टोक्यो स्थित यूएनयू मुख्यालय में काम करना होगा। इस इंटर्नशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को कई सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें रहने के खर्च के लिए मासिक वजीफा शामिल है। इसके अलावा, यूएनयू मुख्यालय में आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। फेलो को काम करने के लिए कार्यालय की जगह मिलेगी। इंटर्नशिप के दौरान प्रत्येक महीने 1.5 दिन की छुट्टी का प्रावधान है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार यूएनयू के आधिकारिक कॅरिअर पोर्टल careers.unu.edu/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारियां भरने के साथ सीवी, कवर लेटर और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन करने से पहले पात्रता शर्तों और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से पढ़ लें। आवेदन करने की अंतिम तिथि एक नवंबर, 2026 है।
- समस्या का समाधान खोजने और रचनात्मक ढंग से सोचने की क्षमता हो।
- अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोगों के साथ प्रभावी ढंग से काम करने में सक्षम हों।
- एमएस ऑफिस की व्यावहारिक जानकारी हो।
- माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल का अच्छा ज्ञान होना उम्मीदवार के लिए अतिरिक्त लाभ हो सकता है।
- अंग्रेजी में लिखने और बोलने की अच्छी क्षमता होनी चाहिए।