फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूकेपीएससी परीक्षा 2026: परीक्षा से पहले इन 5 बातों का रखें ध्यान, रिवीजन और मॉक टेस्ट से मजबूत करें तैयारी

Wed, 11 Nov 2026 01:33 PM IST
शिवम तिवारी भारत भूषण अरजरिया, कॅरिअर एक्सपर्ट

सार

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी। परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के पास तैयारी को बेहतर बनाने का आखिरी मौका है। ऐसे में नए विषय पढ़ने के बजाय पुराने पाठ्यक्रम का दोहराव, मॉक टेस्ट का अभ्यास और समय का सही इस्तेमाल जरूरी है। जानें परीक्षा से पहले किन बातों का ध्यान रखकर अपनी तैयारी मजबूत कर सकते हैं।
 
विज्ञापन
इंस्पायर SHE स्कॉलरशिप के आवेदन शुरू - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की संयुक्त राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 (प्रारंभिक परीक्षा) 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए यह समय नए विषयों को विस्तार से पढ़ने के बजाय अब तक की गई तैयारी को मजबूत बनाने का है। अंतिम दिनों में सही रणनीति, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास सफलता की संभावनाओं को बेहतर बना सकते हैं। अभ्यर्थी अपनी तैयारी का आकलन करते हुए कमजोर विषयों पर काम करें और अनावश्यक तनाव से बचें।

रिवीजन को दें प्राथमिकता

परीक्षा से पहले बचे समय का इस्तेमाल पूरे पाठ्यक्रम को दोबारा पढ़ने के बजाय महत्वपूर्ण तथ्यों और विषयों के रिवीजन में करें। इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, सामान्य विज्ञान और पर्यावरण जैसे विषयों के प्रमुख बिंदुओं को दोहराएं। उत्तराखंड के इतिहास, भूगोल, संस्कृति, अर्थव्यवस्था, लोक परंपराओं और समसामयिक घटनाओं पर भी विशेष ध्यान दें। जिन विषयों के नोट्स पहले से तैयार हैं, उन्हें पढ़ना अधिक उपयोगी रहेगा। इस दौरान नए स्रोतों और नई किताबों से पढ़ाई शुरू करने से बचें।

मॉक टेस्ट से परखें तैयारी

अभ्यर्थी नियमित रूप से पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों और मॉक टेस्ट का अभ्यास करें। इससे प्रश्नों के स्तर, परीक्षा के स्वरूप को समझने और समय प्रबंधन में मदद मिलेगी। मॉक टेस्ट देने के बाद केवल अंक देखने के बजाय गलत उत्तरों का विश्लेषण करें। यह जानने का प्रयास करें कि गलती जानकारी की कमी, प्रश्न को ठीक से न पढ़ने या जल्दबाजी के कारण हुई है। जिन विषयों में बार-बार गलतियां हो रही हैं, उनका दोबारा अभ्यास करें। इससे परीक्षा के दौरान ऐसी गलतियों को दोहराने से बचा जा सकेगा।

जल्दबाजी से बचें

इस परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नकारात्मक अंकन का प्रावधान है। इसलिए प्रश्नों को हल करते समय जल्दबाजी न करें। यदि किसी प्रश्न का उत्तर पूरी तरह मालूम न हो, तो विकल्पों का विश्लेषण करें और सही उत्तर की संभावना समझने के बाद ही निर्णय लें। केवल अधिक प्रश्न हल करने के उद्देश्य से अनुमान लगाने से बचें। बेहतर प्रदर्शन के लिए विषयों की जानकारी के साथ समय का सही इस्तेमाल भी जरूरी है। घर पर निर्धारित समय में प्रश्न-पत्र हल करने का अभ्यास करें और अपनी तैयारी के अनुसार हर पेपर के लिए प्रश्न हल करने की रणनीति बनाएं। आसान प्रश्नों को पहले हल करें और कठिन सवालों पर जरूरत से ज्यादा समय खर्च न करें। प्रवेश-पत्र 13 नवंबर से उपलब्ध होंगे।

आत्मविश्वास बनाए रखें

परीक्षा के अंतिम दिनों में दूसरे अभ्यर्थियों की तैयारी से अपनी तुलना करने या बार-बार रणनीति बदलने से बचें। अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और हर दिन एक व्यावहारिक लक्ष्य निर्धारित करें। परीक्षा केंद्र, प्रवेश-पत्र, जरूरी दस्तावेज और परीक्षा से जुड़े अन्य निर्देशों की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें। परीक्षा के दिन प्रश्न-पत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ें और शांत मन से उत्तर दें। याद रखें कि अंतिम समय में की गई व्यवस्थित तैयारी और संयमित दृष्टिकोण आपके अब तक के परिश्रम को बेहतर परिणाम में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें