राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) ने कॉन्ट्रैक्ट पर होने वाली टीचिंग एसोसिएट भर्ती 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया था, वे अब अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट recruitment.rajasthan.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा राजस्थान एसएसओ पोर्टल के जरिए भी एडमिट कार्ड प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना आवेदन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। इस भर्ती के तहत राजस्थान कॉलेज एजुकेशन सोसाइटी में करीब 3,540 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
टीचिंग एसोसिएट भर्ती की लिखित परीक्षा दो पेपर में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर राजस्थान के सामान्य अध्ययन से जुड़ा होगा। यह परीक्षा 17 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, दूसरा पेपर उम्मीदवारों के चुने हुए विषय से संबंधित होगा। इसका आयोजन 7 दिसंबर से 21 दिसंबर 2026 के बीच किया जाएगा। विषय के हिसाब से परीक्षा की तारीख और समय अलग-अलग रखे गए हैं। इसलिए उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड पर दी गई परीक्षा की तारीख और समय जरूर देख लें।
दूसरे पेपर की शिफ्ट क्या होगी?
विषय से जुड़े दूसरे पेपर के लिए दो शिफ्ट तय की गई हैं। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। उम्मीदवारों को अपनी परीक्षा की शिफ्ट एडमिट कार्ड से ही पता चलेगी। प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र का नाम और पता, परीक्षा की तारीख, शिफ्ट, रोल नंबर और जरूरी निर्देश दिए होंगे। बोर्ड ने साफ किया है कि एडमिट कार्ड उम्मीदवारों के घर डाक से नहीं भेजे जाएंगे। इसलिए सभी को इसे ऑनलाइन डाउनलोड करके परीक्षा के दिन साथ ले जाना होगा।
एडमिट कार्ड में कौन-सी जानकारी जांचें?
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उम्मीदवार उसमें दी गई सभी जानकारियां ध्यान से जांच लें। नाम, रोल नंबर, आवेदन नंबर, परीक्षा केंद्र, तारीख और शिफ्ट में कोई गलती नहीं होनी चाहिए। बोर्ड के मुताबिक, प्रवेश पत्र पर लगी तस्वीर उम्मीदवार की पहचान से मेल खानी चाहिए। अगर पहचान पत्र पर लगी फोटो तीन साल या उससे ज्यादा पुरानी है, तो उसे अपडेट करा लेना चाहिए। परीक्षा केंद्र पर पहचान से जुड़ी परेशानी होने पर प्रवेश मिलने में दिक्कत आ सकती है। इसलिए परीक्षा से पहले जरूरी दस्तावेज और फोटो की जांच कर लें।
परीक्षा में किन नियमों का पालन करना होगा?
बोर्ड ने उम्मीदवारों को परीक्षा के नियमों का पालन करने की सलाह दी है। हर सवाल के लिए दिए गए पांच विकल्पों में से एक विकल्प चुनना जरूरी होगा। अगर कोई उम्मीदवार 10 प्रतिशत से ज्यादा सवालों के जवाब नहीं देता है, तो उसे अयोग्य घोषित किया जा सकता है। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और जरूरी पहचान पत्र साथ लेकर जाएं। ड्रेस कोड और दूसरे निर्देशों की जानकारी प्रवेश पत्र या आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई है। सोशल मीडिया पर भर्ती से जुड़ी गलत खबरों से बचें और किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें।