RRB NTPC Graduate Level Recruitment 2026
- फोटो : AI Generated
सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रेलवे ने भर्ती का नया अवसर दिया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) में स्नातक स्तर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आठ अक्तूबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस भर्ती के माध्यम से कुल 3,548 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ताकि न हो कोई गलती
रेलवे भर्ती बोर्ड के नोटिफिकेशन के मुताबिक, एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि छह नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार फॉर्म भरते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करें और जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें। आवेदन में किसी तरह की त्रुटि होने पर नौ से 18 नवंबर, 2026 तक संशोधन का मौका मिलेगा। हालांकि, उम्मीदवारों को सलाह है कि फॉर्म जमा करने से पहले सभी विवरण अच्छी तरह जांच लें, ताकि बाद में संशोधन की जरूरत न पड़े। आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता भी जरूर सुनिश्चित कर लें।
कैसे होगा चयन
- आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा में सीबीटी-1, सीबीटी-2, टाइपिंग स्किल टेस्ट (टीएसटी) या कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा शामिल हैं।
- सीबीटी-1 में 100 प्रश्न होते हैं, जबकि सीबीटी-2 में 120 प्रश्न पूछे जाते हैं।
- दोनों कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में गणित, सामान्य बुद्धि एवं तर्कशक्ति और सामान्य जागरूकता से सवाल आते हैं।
- परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे। क्लर्क और टाइपिस्ट जैसे पदों के लिए उम्मीदवारों को टाइपिंग स्किल टेस्ट, जबकि स्टेशन मास्टर जैसे पदों के लिए सीबीएटी देना होगा।
- इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा होगी।
विश्वसनीय स्रोतों पर करें भरोसा
सबसे पहले सिलेबस को अच्छी तरह समझ लें। इसके बाद विश्वसनीय अध्ययन सामग्री के साथ तैयारी शुरू करें। परीक्षा में नकारात्मक अंकन का प्रावधान है, इसलिए गणित और रीजनिंग के सवालों का नियमित अभ्यास करें, ताकि गति और सटीकता बेहतर हो सके। सामान्य जागरूकता के लिए करंट अफेअर्स और महत्वपूर्ण सामान्य ज्ञान के टॉपिक्स पढ़ें। इसके लिए किसी अच्छे हिंदी या अंग्रेजी अखबार को रोज पढ़ने की आदत डालें। इससे समसामयिक घटनाओं की जानकारी के साथ सामान्य अध्ययन की तैयारी भी मजबूत होगी।
स्मार्ट स्टडी पर दें जोर
परीक्षा की तैयारी के लिए सही रणनीति और स्मार्ट स्टडी पर ध्यान दें। रोज पढ़े गए टॉपिक्स का संक्षिप्त रिवीजन करें और सप्ताह में एक दिन पूरे सप्ताह की पढ़ाई दोहराएं। याद रखने के लिए फ्लैशकार्ड, पोमोडोरो और मेमोरी पैलेस जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
• गणित में बार-बार पूछे जाने वाले सवालों के लिए शॉर्टकट और फॉर्मूले नोट करें।
• रोज अलग-अलग प्रकार के सवाल हल करने से स्पीड और एक्यूरेसी बेहतर होगी।
• िनयमित मॉक टेस्ट दें और सिर्फ स्कोर न देखें, बल्कि गलत सवालों का कारण भी समझें।
• जिन प्रश्नों में गलती हो, उन्हें अलग नोटबुक में लिखकर दोबारा हल करें।