रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) भर्ती 2026 की सीबीटी-1 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। उम्मीदवार 12 नवंबर 2026 को शाम सात बजे से अपना प्रश्नपत्र, दिए गए जवाब और आंसर-की देख सकेंगे। इसके लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इस सुविधा के जरिए अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे। अगर किसी सवाल, उसके विकल्प या जारी की गई आंसर-की में गलती नजर आती है तो उम्मीदवार तय समय के अंदर उस पर आपत्ति भी दर्ज करा सकते हैं।
कब तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति?
आरआरबी के नोटिस के मुताबिक, उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र, रिस्पॉन्स शीट और आंसर-की देखने के साथ आपत्ति दर्ज कराने का मौका 19 नवंबर 2026 को रात 11:59 बजे तक मिलेगा। इस तारीख और समय के बाद आपत्ति दर्ज करने की सुविधा बंद कर दी जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे आखिरी समय का इंतजार न करें। पहले अपने प्रश्नपत्र और जवाबों को ध्यान से जांच लें। अगर किसी सवाल, विकल्प या आंसर-की में कोई गलती मिलती है तो उसके समर्थन में जरूरी जानकारी के साथ समय रहते आपत्ति दर्ज करा दें। तय समय के बाद भेजी गई शिकायतों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए कितनी फीस देनी होगी?
रेलवे भर्ती बोर्ड ने हर सवाल पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 50 रुपये फीस तय की है। इसके अलावा लागू बैंक शुल्क भी देना होगा। यानी उम्मीदवार जितने सवालों पर आपत्ति दर्ज कराएंगे, उसी हिसाब से फीस का भुगतान करना होगा। हालांकि, अगर जांच के बाद उम्मीदवार की आपत्ति सही पाई जाती है तो जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी। इस दौरान लागू बैंक शुल्क काट लिया जाएगा। फीस की वापसी उसी बैंक खाते में की जाएगी, जिससे उम्मीदवार ने ऑनलाइन भुगतान किया होगा। इसलिए भुगतान करते समय सही खाते और लेनदेन की जानकारी का ध्यान रखना जरूरी है।
फीस का भुगतान कैसे कर सकेंगे?
आपत्ति दर्ज कराने के लिए उम्मीदवार कई तरीकों से ऑनलाइन फीस जमा कर सकेंगे। इसमें सभी बैंक के डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा दी गई है। इसके अलावा रुपे कार्ड और यूपीआई के जरिए भी फीस जमा की जा सकती है। उम्मीदवार मल्टी बैंक रिटेल नेट बैंकिंग और मल्टी बैंक कॉरपोरेट नेट बैंकिंग का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की रिटेल नेट बैंकिंग और नेट बैंकिंग से भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। आपत्ति दर्ज कराने से पहले आरआरबी की वेबसाइट पर दिए गए दिशा-निर्देश जरूर पढ़ लें। पूरी प्रक्रिया वहीं बताई जाएगी।
मदद के लिए कहां संपर्क करें?
आरआरबी ने उम्मीदवारों की मदद के लिए हेल्पडेस्क नंबर 7996342666 जारी किया है। किसी तरह की जानकारी या परेशानी होने पर इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। हेल्पडेस्क सोमवार से शनिवार तक सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक काम करेगा। रेलवे भर्ती बोर्ड ने साफ किया है कि आपत्तियों की जांच के बाद लिया गया फैसला अंतिम और सभी उम्मीदवारों के लिए मान्य होगा। इस मामले में आगे किसी तरह की बातचीत या शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी। बता दें कि असिस्टेंट लोको पायलट सीबीटी-1 परीक्षा 3 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की गई थी।