डिजाइन से ज्यादा कंटेंट पर ध्यान
रिज्यूमे को आकर्षक बनाने के लिए बहुत ज्यादा डिजाइन, ग्राफिक्स, फोटो, आइकन या जटिल फॉर्मेटिंग का इस्तेमाल करने से बचें। कुछ स्क्रीनिंग सिस्टम ऐसे रिज्यूमे की जानकारी को सही तरीके से पढ़ नहीं पाते। छात्रों को सरल लेआउट, स्पष्ट हेडिंग और आसानी से पढ़े जाने वाले फॉन्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। रिज्यूमे को पीडीएफ में सेव करने से पहले यह भी जांच लें कि टेक्स्ट सही तरीके से दिखाई दे रहा है या नहीं।
- एआई टूल्स की मदद लेने के बाद रिज्यूमे की पूरी जानकारी खुद जांच लें।
- रिज्यूमे में ऐसी कोई स्किल या उपलब्धि न जोड़ें, जो वास्तव में आपके पास नहीं है।
- रिज्यूमे ऐसा हो, जिसे एआई सिस्टम के साथ-साथ भर्ती करने वाला व्यक्ति भी आसानी से समझ सके।
उपलब्धियों को स्पष्ट तरीके से लिखें
रिज्यूमे में केवल प्रोजेक्ट या किसी गतिविधि में शामिल होने की जानकारी देने के बजाय अपनी जिम्मेदारी और उसके नतीजे भी बताएं। इससे नियोक्ता को आपके वास्तविक योगदान को समझने में आसानी होती है। उदाहरण के लिए, 'कॉलेज की सोशल मीडिया टीम का हिस्सा रहे' लिखने के बजाय 'सोशल मीडिया के लिए सामग्री तैयार की और तीन महीने तक अभियान की पहुंच बढ़ाने में योगदान दिया' लिखना आपकी भूमिका और उपलब्धि को ज्यादा प्रभावी ढंग से दर्शाता है।