आईआईटी बीएचयू में चल रहे विद्यार्थियों के परिसर चयन के दौरान अमेरिकी कंपनी ओरेकल ने एक छात्र को दो करोड़ रुपये सालाना का पैकेज दिया है। इसके साथ ही आईआईटी बीएचयू से 1.42 करोड़ की प्लेसमेंट का रिकॉर्ड भी टूट गया है। वहीं गूगल माउंटेन व्यू ने एक और छात्र को 1.63 करोड़ का पैकेज ऑफर किया है।
यह भी बीएचयू के आईआईटी कैंपस के अब तक के रिकॉर्ड प्लेसमेंट से ज्यादा है। संस्थान में चल रहे परिसर चयन में पिछले दो दिन में ढाई सौ मेधावी छात्रों को अच्छे पैकेज पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार मिला है। आईआईटी बीएचयू में एक दिसंबर से परिसर चयन शुरू हो गया है। एक और दो दिसंबर के बीच कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां छात्र-छात्राओं के चयन के लिए आईं।