फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम में 3047 पदों पर भर्ती: दसवीं पास से स्नातक तक को मौका; बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

Sun, 01 Nov 2026 12:14 PM IST
शिवम तिवारी जॉब्स डेस्क अमर उजाला

सार

तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) ने 3,047 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदनशुरू हो चुके हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 20 नवंबर 2026 है। चयनित उम्मीदवारों को 12 महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा और हर महीने 8,200 से 12,300 रुपये तक मानदेय मिलेगा। 
विज्ञापन
ONGC Apprentice Recruitment - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम यानी ओएनजीसी ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रशिक्षु भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसके तहत कुल 3,047 पद भरे जाएंगे। भर्ती देश के छह क्षेत्रों के 24 कार्य केंद्रों पर होगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 20 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार मौका दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि सभी पदों के लिए 12 महीने रखी गई है।
विज्ञापन


ओएनजीसी ने उत्तरी, मुंबई, पश्चिमी, पूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में पद निकाले हैं। सबसे ज्यादा 1,166 पद पश्चिमी क्षेत्र में हैं। पूर्वी क्षेत्र में 674 और मुंबई क्षेत्र में 482 पद रखे गए हैं। उत्तरी क्षेत्र में 191 और मध्य क्षेत्र में 267 पद हैं। दक्षिणी क्षेत्र के लिए विज्ञापन में 269 पद बताए गए हैं, जबकि वहां दिए गए कार्य केंद्रों के पद जोड़ने पर संख्या 267 आती है। इसलिए आवेदन से पहले उम्मीदवार आधिकारिक विज्ञापन में अपने कार्य केंद्र और पद की जानकारी जरूर जांच लें।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग रखी गई है। पुस्तकालय सहायक के लिए दसवीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कंप्यूटर ऑपरेटर, बिजली मिस्त्री, फिटर और डीजल मैकेनिक जैसे पदों के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई होना जरूरी है। वित्त से जुड़े पदों के लिए वाणिज्य में स्नातक, प्रयोगशाला से जुड़े पदों के लिए रसायन विज्ञान में स्नातक और मानव संसाधन के लिए व्यवसाय प्रशासन में स्नातक की योग्यता मांगी गई है। कुछ पदों पर किसी भी विषय से स्नातक और इंजीनियरिंग डिप्लोमा या डिग्री वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।

कितनी होनी चाहिए उम्र?

आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 29 नवंबर 2026 को कम से कम 18 साल और अधिकतम 24 साल होनी चाहिए। यानी उम्मीदवार का जन्म 29 नवंबर 2002 से पहले और 29 नवंबर 2008 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम उम्र में छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को पांच साल, अन्य पिछड़ा वर्ग के गैर-क्रीमी लेयर उम्मीदवारों को तीन साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को दस साल की छूट दी जाएगी। दूसरी पात्रता शर्तें भी आधिकारिक विज्ञापन में देखनी जरूरी हैं।

कैसे होगा चयन और कितनी मिलेगी राशि?

इस भर्ती में अलग से लिखित परीक्षा का उल्लेख नहीं किया गया है। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता में मिले अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से होगा। चुने गए उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच और चिकित्सा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। प्रशिक्षण के दौरान हर महीने 8,200 से 12,300 रुपये तक मिलेंगे। दसवीं या बारहवीं के आधार वाले प्रशिक्षुओं को 8,200 रुपये, एक साल के आईटीआई वालों को 9,600 रुपये और दो साल के आईटीआई वालों को 10,560 रुपये मिलेंगे। डिप्लोमा वालों को 10,900 और स्नातक प्रशिक्षुओं को 12,300 रुपये दिए जाएंगे।

आवेदन कैसे करें और आखिरी तारीख क्या है?

उम्मीदवारों को अपनी चुनी हुई ट्रेड के अनुसार राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना या राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना के पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके लिए पहले संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण करें। फिर अपनी शैक्षणिक जानकारी और जरूरी विवरण भरें। ओएनजीसी के उपलब्ध प्रशिक्षण अवसर में अपनी ट्रेड और कार्य केंद्र की पात्रता जांचें। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियां ध्यान से देख लें और पावती सुरक्षित रखें। आवेदन की आखिरी तारीख 20 नवंबर 2026 है। विज्ञापन के अनुसार चयन सूची 15 दिसंबर 2026 को जारी की जानी है। प्रशिक्षु बनने से ओएनजीसी में नियमित नौकरी मिलने की गारंटी नहीं होगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें