इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) ने डिजिटल इंडिया इंटर्नशिप स्कीम के विंटर 2026 बैच के लिए आधिकारिक तौर पर अधिसूचना जारी कर दी है। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। इंटर्नशिप की अवधि दो महीने होगी, जिसे प्रदर्शन और आवश्यकता के आधार पर तीन महीने तक बढ़ाया जा सकता है। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह दस हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा।
इन विषयों के छात्र हैं पात्र
इस इंटर्नशिप के लिए बीई/बीटेक के तीसरे वर्ष, एमई/एमटेक और एमएससी (कंप्यूटर साइंस/आईटी) के पहले वर्ष तथा एमसीए के दूसरे वर्ष के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। बीई/बीटेक लेटरल एंट्री के तीसरे वर्ष, डुअल डिग्री पाठ्यक्रम के चौथे वर्ष और डीओईएसीसी 'बी' लेवल के विद्यार्थी भी पात्र हैं। अभ्यर्थियों की पिछली डिग्री या प्रमाण-पत्र परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए। अंतिम सेमेस्टर में पढ़ने वाले या 2027 की गर्मियों में पास होने वाले विद्यार्थी आवेदन नहीं कर सकते।
इन क्षेत्रों में मौका
इंटर्नशिप के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, क्लाउड कंप्यूटिंग, डाटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग एवं क्रिप्टोग्राफी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मोबाइल ऐप डेवलपमेंट, पायथन, जावा, पीएचपी, डेवऑप्स, नेटवर्किंग और जीआईएस टेक्नोलॉजी सहित 22 क्षेत्र शामिल हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि के अधिकतम दो क्षेत्रों का चयन कर सकते हैं। इंटर्नशिप एनआईसी मुख्यालय, नई दिल्ली और विभिन्न राज्यों के एनआईसी केंद्रों पर की जा सकती है।
ऐसे होगा चयन
इंटर्नशिप की अवधि एक दिसंबर, 2026 से 31 जनवरी, 2027 तक रहेगी। उम्मीदवारों का चयन संबंधित समिति द्वारा किया जाएगा। इसके लिए कोई लिखित परीक्षा निर्धारित नहीं है। अभ्यर्थियों की पात्रता, आवेदन और जमा किए गए दस्तावेजों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी होगी। इंटर्नशिप के अंत में रिपोर्ट जमा...
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले एनआईसी की आधिकारिक वेबसाइट dii.nic.in पर जाएं।
- इंटर्नशिप के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें।
- संस्थान के लेटरहेड पर जारी अनुशंसा पत्र और शैक्षणिक प्रमाण-पत्र अपलोड करें।