राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
Anuj Agnihotri UPSC Topper: राजस्थान के एक छोटे शहर से आने वाले अनुज अग्निहोत्री ने अपनी मेहनत और लगन से सिविल सेवा की तैयारी में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अनुज ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शीर्ष स्थान हासिल किया है। अनुज मेडिकल के छात्र रह चुके हैं।
वर्ष 2017 में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू करने के कुछ समय बाद उन्हें महसूस हुआ कि बदलाव लाने के लिए अधिकार और जिम्मेदारी भी जरूरी होती है। इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता से चर्चा की और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। अनुज अग्निहोत्री ने अपने तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। उनके पिता कृष्ण बिहारी राजस्थान परमाणु ऊर्जा स्टेशन में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं।
अनुज ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रावतभाटा के एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से प्राप्त की और वहीं से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने कोटा के एम.बी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता मिलने के बाद उन्होंने जोधपुर स्थित एम्स से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। वर्ष 2023 में मेडिकल इंटर्नशिप पूरी करने के बाद उन्होंने पूरी तरह से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया।
अनुज अग्निहोत्री की यह प्रोफाइल बताती है कि एक छोटे शहर से आने वाला छात्र भी स्पष्ट सोच, मेहनत और सही मार्गदर्शन के साथ प्रशासनिक सेवा में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है।
यह भी पढ़ें:
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी, 958 अभ्यर्थी चयनित; देखें लिस्ट