UPSC: संघ लोक सेवा आयोग ने संयुक्त चिकित्सा सेवा और इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा के साक्षात्कार का शेड्यूल की घोषणा कर दी है, वे उम्मीदवार जिन्हें व्यक्तित्व परीक्षण के लिए योग्य घोषित किया गया है, वे UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर विवरण देख सकते हैं।
संयुक्त चिकित्सा सेवा (CMS) परीक्षा 2025 का व्यक्तित्व परीक्षण 13 अक्तूबर से 21 नवंबर 2025 तक आयोजित होगा। पूर्वाह्न सत्र के लिए उम्मीदवारों का रिपोर्टिंग समय 09:00 बजे और अपराह्न सत्र के लिए 13:00 बजे निर्धारित किया गया है। इस साक्षात्कार के लिए कुल 2,045 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
इंजीनियरिंग सर्विसेज (मुख्य) परीक्षा का पर्सनैलिटी टेस्ट भी 13 अक्तूबर, सोमवार से शुरू होगा। प्रातः सत्र के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 9 बजे और अपराह्न सत्र के लिए 1 बजे निर्धारित है। कुल 1,376 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए चयनित हुए हैं।
अभ्यर्थियों के साक्षात्कार के ई-समन पत्र जल्द ही वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे, जिन्हें डाउनलोड किया जा सकता है, जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में आएंगे, उन्हें यात्रा खर्च की भरपाई दी जाएगी, लेकिन यह केवल दूसरी या स्लीपर श्रेणी की ट्रेन टिकट तक ही सीमित होगी। अगर उम्मीदवार किसी अन्य साधन या श्रेणी से यात्रा करते हैं, तो यात्रा व्यय आयोग के नियमों के अनुसार ही भरा जाएगा।