आईआईटी बॉम्बे से बीटेक पास राजस्थान के कनिष्क कटारिया ने सिविल सेवा परीक्षा-2018 में शीर्ष स्थान हासिल किया है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को परीक्षा परिणाम घोषित किए। अपनी उपलब्धि पर बोलते हुए कनिष्क ने कहा- यह बहुत ही आश्चर्यजनक क्षण है। मैंने पहली रैंक पाने की कभी उम्मीद नहीं की थी। मैं अपने माता-पिता, बहन और मेरी प्रेमिका को मदद और नैतिक समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। लोग मुझसे एक अच्छे प्रशासक बनने की उम्मीद करेंगे और यही मेरा इरादा है।
उन्होंने कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग से बीटेक किया है। वहीं महिलाओं में शीर्ष स्थान पर रहने वाली सृष्टि ने भोपाल के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग में बीई की हुई है।
सफल उम्मीदवारों को तीन चरण की परीक्षा, प्री, मेंस के साथ निजी साक्षात्कार से गुजरना पड़ा। मेंस में कामयाब उम्मीदवारों को निजी साक्षात्कार की परीक्षा चार फरवरी 2019 से शुरू हुई थी।
बता दें कि इस परीक्षा का आयोजन सितंबर-अक्टूबर 2018 में किया गया था। इसके बाद फरवरी-मार्च 2019 में पर्सनालिटी टेस्ट और साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। आयोग ने नतीजे जारी करते हुए अपनी वेबसाइट पर सभी चयनित अभ्यर्थियों सूची जारी कर दी है।