लिखित परीक्षा
यूपीएससी सीएपीएफ भर्ती परीक्षा के माध्यम से असिस्टेंट कमांडेंट के कुल 357 रिक्त पदों को भरा जाएगा। लिखित परीक्षा 03 अगस्त, 2025 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगी। इसमें दो पेपर होंगे:
- पेपर I (सामान्य योग्यता और बुद्धिमत्ता): यह वस्तुनिष्ठ (MCQ) प्रकार का होगा और इसके 250 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी।
- पेपर II (सामान्य अध्ययन, निबंध और बोधगम्यता): इसमें 200 अंक निर्धारित हैं और यह दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। निबंध हिंदी या अंग्रेजी में लिखा जा सकता है, लेकिन अन्य खंड केवल अंग्रेजी में होंगे।
शारीरिक मानक परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST/PET)
लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षणों के लिए बुलाया जाएगा। शारीरिक दक्षता परीक्षण में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग मानक निर्धारित हैं, जैसे -
- 100 मीटर दौड़: पुरुष - 16 सेकंड, महिला - 18 सेकंड
- 800 मीटर दौड़: पुरुष - 3 मिनट 45 सेकंड, महिला - 4 मिनट 45 सेकंड
- लंबी कूद: पुरुष - 3.5 मीटर, महिला - 3.0 मीटर (3 मौके)
- गोला फेंक (केवल पुरुष): 4.5 मीटर (7.26 किग्रा, 3 मौके)
गर्भवती महिला अभ्यर्थियों के लिए दिशानिर्देश
महिला उम्मीदवारों को PST/PET में सम्मिलित होने से पूर्व अपनी गर्भावस्था की स्थिति की स्वयं घोषणा करनी होगी। यदि कोई महिला स्वयं को गर्भवती घोषित करती है और इसकी पुष्टि हो जाती है, तो उसे अस्थायी रूप से अयोग्य घोषित किया जाएगा और उसकी नियुक्ति प्रसव के बाद तक स्थगित कर दी जाएगी। प्रसव की तिथि से 6 सप्ताह बाद, स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने पर, उसे पुनः PST/PET में सम्मिलित होने की अनुमति दी जा सकती है।
साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण
PST/PET में योग्य पाए गए उम्मीदवारों को UPSC द्वारा आयोजित साक्षात्कार या व्यक्तित्व परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। यह परीक्षण 150 अंकों का होगा। साक्षात्कार का उद्देश्य अभ्यर्थी की सोचने की क्षमता, नेतृत्व कौशल, संवाद शैली और प्रशासनिक दृष्टिकोण को परखना होता है।
चिकित्सा परीक्षण एवं अंतिम चयन
साक्षात्कार में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए चिकित्सा मानक परीक्षण (MST) गृह मंत्रालय द्वारा नियुक्त नोडल एजेंसी के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षण के परिणामों के विरुद्ध 24 घंटे के भीतर अपील की जा सकती है। अंततः, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी। जो अभ्यर्थी निर्धारित चिकित्सकीय मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन्हें नियुक्ति नहीं दी जाएगी।