आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतनमान
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार (इंटरव्यू) के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
विभागवार पदों की संख्या
इस भर्ती के अंतर्गत अलग-अलग विभागों में पद निर्धारित किए गए हैं। पशुधन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के 404 पद भरे जाएंगे। विधायी विभाग में विधिक्षण अधिकारी का 1 पद शामिल है। परिवार कल्याण महानिदेशालय में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के 221 पद तय किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में औषधि निरीक्षक के 26 पद और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में डेंटल सर्जन के 157 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा आयुर्वेद निदेशालय के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद) के 168 पद, चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य (आयुर्वेद एवं यूनानी) के 884 पद, यूनानी निदेशालय में चिकित्सा अधिकारी (यूनानी) के 25 पद, श्रम विभाग में चिकित्सा अधिकारी (होम्योपैथिक) के 7 पद तथा होम्योपैथी निदेशालय में होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी के 265 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
यूपीपीएससी की यह भर्ती स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।