प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय
- फोटो : Official Website (https://admission.prsuprayagraj.in/)
UP Mega Job Fair: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्थित प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में शनिवार (5 अप्रैल) को आयोजित मेगा जॉब फेयर में विभिन्न कंपनियों ने 590 छात्र-छात्राओं का चयन करते हुए उन्हें प्लेसमेंट ऑफर लेटर दिए। इनका चयन सालाना साढ़े चार लाख से आठ लाख रुपये तक के पैकेज पर किया गया है। इंटरव्यू में 600 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
दिल्ली, वाराणसी, लखनऊ व अन्य शहरों से 25 कंपनियों ने की भागीदारी
मेगा जॉब फेयर का नेतृत्व कर रहे कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने चयनित छात्र-छात्राओं को ऑफर लेटर प्रदान किए। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मेगा जॉब फेयर में दिल्ली एनसीआर, वाराणसी, लखनऊ व अन्य शहरों की आईटी, मार्केटिंग, बैंकिंग, सेल्स व एग्री सेक्टर की 25 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भागीदारी की।
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन परिसर के अधिकाधिक विद्यार्थियों को अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर प्रदान करते हैं। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा, बल्कि रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराना है, जिससे वे देश के विकास में योगदान दे सकें।