UP Police Constable Recruitment: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सिपाही भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (UP Police Constable Physical Test) 10 फरवरी से शुरू हो रही है। इस परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह परीक्षा कई चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण के लिए प्रवेश पत्र 3 फरवरी से वेबसाइट पर डाउनलोड किए जा रहे थे, जबकि दूसरे चरण के लिए प्रवेश पत्र 10 फरवरी से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
बोर्ड के अध्यक्ष डीजी राजीव कृष्ण ने बताया कि प्रवेश पत्र बिना किसी व्यवधान के uppbpb.gov.in वेबसाइट से डाउनलोड किए जा रहे हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है, तो वह हेल्पलाइन नंबर 8867786192 पर संपर्क कर सकता है।
फिजिकल टेस्ट के लिए आवश्यक शर्तें (UP Constable Bharti)
डीवी/पीएसटी (PET) में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही शारीरिक दक्षता परीक्षा (UP Police Contable PET) में बुलाया जाएगा।
- पुरुष उम्मीदवारों के लिए 25 मिनट में 4.8 किमी की दौड़ पूरी करना अनिवार्य होगा।
- महिला उम्मीदवारों के लिए यह दौड़ 14 मिनट में 2.4 किमी पूरी करनी होगी।
बता दें, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में करीब 48 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 32 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का री-एग्जाम 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को कुल 10 पालियों में आयोजित किया गया था।
इन पीएसी वाहिनियों में होगा दौड़ परीक्षा का आयोजन
दौड़ परीक्षा का आयोजन 45वीं वाहिनी अलीगढ़, 12वीं वाहिनी फतेहपुर, 8वीं वाहिनी बरेली, 9वीं वाहिनी मुरादाबाद, 26वीं वाहिनी गोरखपुर, 37वीं वाहिनी कानपुर, 33वीं वाहिनी झांसी, 35वीं वाहिनी लखनऊ, 6वीं वाहिनी मेरठ, 47वीं वाहिनी गाजियाबाद, 20वीं वाहिनी आजमगढ़ और 39वीं वाहिनी मिर्जापुर में किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को घड़ी पहने को लेकर भर्ती बोर्ड का बाद फैसला
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने पीईटी के दौरान किसी भी प्रकार की कलाई घड़ी पहने से मना किया है। एक नोटिस में बोर्ड ने बताया कि आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने कलाई घड़ी के इस्तेमाल की मांग की थी। इन अनुरोधों पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया है कि पीईटी के दौरान किसी भी प्रकार की कलाई घड़ी का उपयोग नहीं किया जाएगा। हालांकि, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पीईटी स्थल पर डिजिटल घड़ी का प्रबंध किया जाएगा।
प्रदेश की सबसे बड़ी सीधी भर्ती
यूपी पुलिस की 60,244 सिपाही भर्ती में सफल उम्मीदवारों को 9 महीने की सामूहिक ट्रेनिंग दी जाएगी। डीजीपी प्रशांत कुमार ने समीक्षा बैठक में बताया कि यह प्रदेश की सबसे बड़ी सीधी भर्ती है। अंतिम चरण की परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन उनके गृह जिलों से कराया जाएगा। इसके बाद एक महीने की प्रारंभिक ट्रेनिंग (जेटीसी) सभी 75 जिलों में होगी और नौ महीने की आधारभूत ट्रेनिंग अन्य केंद्रों पर कराई जाएगी।